Anant Singh daughter wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की बारात बिहटा से नदवा गांव पहुंची, जहां दूल्हे ऋषिकेश कुमार के पिता रणविजय कुमार सिंह ने ढोल-नगाड़ों पर जमकर डांस किया और नोट उड़ाए. इसके साथ ही हल्की गुलाबी शेरवानी और पगड़ी में सजे दूल्हे ऋषिकेश का राजसी लुक भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Anant Singh daughter wedding: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की धूम मची हुई है. उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. इस खास मौके पर दूल्हे ऋषिकेश कुमार की बारात बड़े धूमधाम से निकली. बारात के दौरान दूल्हे के पिता यानी अनंत सिंह के समधी का बेहद शाही और खुशमिजाज अंदाज देखने को मिला. उन्होंने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर डांस किया और खुशी में नोट भी उड़ाए. अब इस शाही बारात के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
बारात में छाया समधी जी का जलवा
बेटे की शादी की खुशी में अनंत सिंह के समधी यानी कमांडेंट रणविजय कुमार सिंह खुद को रोक नहीं पाए. बारात में वह नीले रंग के शानदार कोट-पैंट और सफेद शर्ट में नजर आए. उन्होंने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर बैंड की धुन पर खूब डांस किया. इस दौरान वह काफी खुश दिखे और बारातियों पर जमकर नोट उड़ाए. इतना ही नहीं, उन्होंने बैंड बजाने वाले कलाकारों को भी दिल खोलकर पैसे दिए. उनके इस अंदाज ने बारात की रौनक और बढ़ा दी.
बिहटा से नदवा गांव पहुंची शाही बारात
अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार, कमांडेंट रणविजय कुमार सिंह के बेटे हैं. उनकी बारात बड़े ही शाही अंदाज में बिहटा से मोकामा के नदवा गांव के लिए रवाना हुई. रास्ते भर बारातियों ने जमकर जश्न मनाया और आतिशबाजी भी की. सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि परिवार के सभी सदस्य और रिश्तेदार इस शादी को लेकर कितने उत्साहित हैं. गांव में बारात के स्वागत के लिए बेहद खास और भव्य तैयारियां की गई हैं.
दूल्हे ऋषिकेश का राजसी लुक आया सामने
शादी के इस यादगार मौके पर दूल्हे ऋषिकेश कुमार की पहली झलक भी सामने आ गई है. वह हल्की गुलाबी रंग की शेरवानी और सफेद चूड़ीदार पायजामे में बेहद आकर्षक लग रहे हैं. सिर पर बंधी गुलाबी पगड़ी उनके लुक को और निखार रही है. पगड़ी पर लगा बड़ा नगीना और मोतियों की सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है. गले में पहनी कई लेयर वाली मोतियों की माला उन्हें बिल्कुल राजसी अंदाज दे रही है.
मेहंदी और तिलक ने बढ़ाई खूबसूरती
दूल्हे राजा के पूरे शृंगार की तस्वीरें इंटरनेट पर खूब पसंद की जा रही हैं. ऋषिकेश के हाथों में रची मेहंदी और कलाई में पहना सोने का ब्रेसलेट साफ नजर आ रहा है. माथे पर लगा पारंपरिक तिलक उनकी सौम्यता को बढ़ा रहा है. सोशल मीडिया पर लोग दूल्हे के इस शाही पहनावे और सादगी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. तस्वीरें सामने आते ही कुछ ही घंटों में वायरल हो गईं.
पारंपरिक रीति-रिवाजों से होगी शादी
मोकामा के नदवा गांव में आज पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच ऋषिकेश कुमार और शिवांगी सिंह सात फेरे लेंगे. शादी समारोह को भव्य बनाने के लिए परिवार की तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी गई है. मेहमानों के स्वागत से लेकर सजावट तक हर चीज का खास ध्यान रखा गया है. इलाके में इस हाई-प्रोफाइल शादी की चर्चा हर तरफ हो रही है. लोग नवविवाहित जोड़े को नई जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं.
