केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इसका इस्तेमाल रेसिंग कारों में भी किया जा रहा है. उन्होंने एथेनॉल से गाड़ियों का माइलेज कम होने की बात को भी स्वीकार है.

एथेनॉल पर बोले हरदीप सिंह पुरी
देश में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) को लेकर लगातार बहस जारी है. अब इसी बीच केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि एथेनॉल का इस्तेमाल सिर्फ आम गाड़ियों में नहीं बल्कि रेसिंग कारों में भी किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि एथेनॉल न सिर्फ इंजन की कार्यक्षमता को बढ़ाता है, बल्कि वाहनों की स्पीड और उनके प्रदर्शन को सुधारने में भी मददगार साबित हो रहा है.
माइलेज में आ सकती कमी- हरदीप पुरी
माइलेज कम होने के सवालों पर हरदीप पुरी ने जवाब देते हुए कहा कि कुछ मामलों में एथेनॉल मिश्रण के कारण वाहनों के माइलेज में मामूली कमी आ सकती है. उन्होंने कहा कि इसके पीछे तकनीकी कारण भी हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि उच्च क्षमता वाले इंजनों के लिए एथेनॉल काफी शानदार साबित हो रहा है, क्योंकि इसका ऑक्टेन रेटिंग लगभग 108 RON होता है.
इंजन को देता है ज्यादा पावर
उन्होंने कहा कि उच्च ऑक्टेन रेटिंग होने के कारण यह इंजन में होने वाली ‘नॉकिंग’ को कम करके इंजन को बेहतर कूलिंग देता है और गाड़ी को ज्यादा पावर देता है. आपको बता दें कि मिडिल ई्स्ट में चल रहे तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिसका सीधा असर भारत की तेल कंपनियों पर पड़ रहा है. हरदीप पुरी ने खुलासा किया कि लागत से कम कीमत पर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी बेचने से तेल कंपनियों पर भारी बोझ पड़ रहा है, जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है.
तेल की कीमतों पर क्या बयान?
हरदीप पुरी ने घरेलू बाजार में तेल की कीमतों के कम करने के सवाल पर भी जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी. उन्होंने कहा कि अगर वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम 2-3 महीनों तक कम रहते हैं, तो सरकार इसके ऊपर भी विचार करेगी. उन्होंने एथेनॉल को लेकर कहा कि इसका इस्तेमाल रेसिंग कारों में भी किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर में 8 घंटे तक SIT की पड़ताल! बैंक अधिकारियों से की पूछताछ; कब्जे में लिए कई दस्तावेज
