ममता बनर्जी की बेहद करीबी मानी जाने वाली चंद्रिमा भट्टाचार्य ने TMC के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने पत्र लिखकर TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी को अपने इस फैसले के बारे में जानकारी दी है.

ममता की करीबी ने छोड़ा साथ
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 में मिली हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. अब पार्टी के अंदर से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी की बेहद करीबी मानी जाने वाली और पार्टी की राइट हैंड चंद्रिमा भट्टाचार्य ने भी अब पार्टी और ममता का साथ छोड़ दिया है.
चंद्रिमा भट्टाचार्य ने दिया इस्तीफा
जानकारी के मुताबिक चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया है. टीएमसी में चल रहे घमासान के बीच ममता के भरोसेमंद सहयोगियों में से एक चंद्रिमा भट्टाचार्य का इस तरह से इस्तीफा देकर पार्टी से जाना TMC के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. ममता के करीबी माने जाने वाले लोग एक-एक करके उनका साथ छोड़ते नजर आ रहे हैं.
पत्र लिखकर ममता को दी जानकारी
आपको बता दें कि TMC की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने ममता बनर्जी को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने अपने इस फैसले के बारे में जानकारी दी है. ममता को लिखे गए पत्र में चंद्रिमा ने स्पष्ट किया कि वे सांगठनिक पदों से मुक्त होने के साथ पार्टी के वित्तीय और प्रशासनिक फैसलों से जुड़ी साइनिंग अथॉरिटी के पद से भी अपने कदमों को तत्काल प्रभाव से पीछे खींच रही हैं.
लंबे समय से रहीं मजबूत चेहरा
बंगाल में चंद्रिमा भट्टाचार्य लंबे समय से TMC का एक मजबूत चेहरा मानी जाती रही हैं. सरकार से लेकर संगठन तक उनकी काफी मजबूत पकड़ रही है. फिलहाल उनके इस्तीफे को लेकर ममता बनर्जी या फिर TMC की तरफ के किसी भी तरह की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. इस इस्तीफे ने बंगाल की सियासत के पारे को एक बार फिर से अचानक बढ़ा दिया है.
यह भी पढ़ें- काशी विश्वनाथ मंदिर में चली गोली! भीड़ हटा रहे सिपाही की बंदूक से हुआ हादसा; 3 लोग घायल
