उत्तर प्रदेश के उन्नाव से हैरान कर देने वाला केस सामने आया है. दरअसल, यहां पर एक युवक को गोकुल बाबा मंदिर में जहरीले सांप ने काट लिया, जिसके बाद वह युवक जिंदा सांप को झोले में भरकर अपने साथ अस्पताल लेकर पहुंच गया. स्थानीय लोगों और अस्पताल परिसर को झोले में सांप होने की खबर मिलते ही पूरा माहौल दहशत से भर गया.
उत्सुकता में चली जाती जान
जानकारी के मुताबिक, मगरवारा क्षेत्र के एसपी सिंह रविवार के दिन सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर गोकुल बाबा मंदिर में दर्शन करने के लिए गए हुए थे. मंदिर परिसर में कुछ बच्चे सांप को लेकर बैठे हुए थे. सांप को देख उन्होंने भी उसे छूने की उत्सुकता दिखाई. जैसे ही वह सांप को छूने के लिए गए, उसने उन्हें डस लिया.
हालत फिलहाल स्थिर
सांप के काटने के बाद में स्थानीय लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए. चौंकाने वाली बात तो यह है कि युवक इलाज कराने के लिए अपने साथ सांप को भी झोले में बांधकर अस्पताल पहुंच गया. झोले में सांप होने की बात सुनते ही पूरे अस्पताल में दहशत फैल गई. जिला अस्पताल के युवकों ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया. प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल युवक की हालत काफी स्थिर है.
सांप को क्यों लेकर बैठे थे बच्चे?
चौकी प्रभारी अंजनी सिंह ने भी अस्पताल में पहुंचकर मामले का जायजा किया. वह यह भी पता करने में लग गई है कि बच्चें सांप को लेकर वहां क्यों बैठे थे. उनके पास उसकी अनुमति थी भी या नहीं. मामले की हर ऐंगल से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: शादी से इनकार पर बौखलाया प्रेमी! प्रेमिका के घर पिस्टल लेकर पहुंचा युवक, छत से गिरकर मौत
