बिहार की राजधानी पटना से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, राजीव नगर थाना क्षेत्र में प्रेमिका से बात बंद होने पर, नाराज होकर उसके घर गए युवक की छत से गिरने की वजह से मौत हो गई है. गुस्साया युवक प्रेमिका से मिलने के लिए पिस्टल तक लेकर गया था. हालांकि, भागने के दौरान में उसकी छत से गिरकर मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रियेश रंजन का काफी लंबे समय से अपनी प्रेमिका से प्रेम प्रसंग चल रहा था. वह उसपर शादी करने का दबाव बना रहा था. युवती बार-बार शादी करने से इनकार कर रही थी, लेकिन युवक का दबाव बढ़ते जा रहा था. इसी कारण से युवती ने युवक से बातचीत बंद कर दी.
युवती के बात बंद करने के बाद में युवक उसके घर पिस्टल लेकर पहुंच गया. जिस समय युवक घर गया, उस समय युवती के भाई राजू कुमार के अलावा कोई भी वहां मौजूद नहीं था. आरोपी प्रियेश ने भाई को देखते ही उस पर गोली चला दी, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
फायरिंग करने के बाद में आरोपी तुरंत मौके से भागने लगा. हालांकि, भागने के चक्कर में वह छत से गिर गया, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. राजू को स्थानीय लोगों और परिवार वालों ने अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां आईसीयू में उसका इलाज किया जा रहा है. हालत काफी गंभीर बताई जा रही है.
मामले की जानकारी मिलते ही राजीव नगर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची. घटनास्थल से एक कारतूस, एक पिस्टल और गोली बरामद की गई है. शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है. घटनास्थल से बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया. मामले की जांच हर एंगल से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: मैट्रिमोनियल साइट पर करोड़पति बन महिला से ठगे 41.25 लाख, दुष्कर्म कर आरोपी फरार
