बिहार के भोजपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है. इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है. वहीं, तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के पूरी तरीके से परखच्चे उड़ गए. वहीं, उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया है.
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार चार लोग मनाली घूमकर नोएडा आए थे, जिसके बाद वह अपने घर देवघर के लिए रवाना हुए थे. जैसे ही गाड़ी बिहिया थाना क्षेत्र के दोघरा गांव के पास में राही होटल के पास पहुंची, वैसे ही स्कॉर्पियो आगे जा रही ट्रेलर के पिछले हिस्से में टकरा गई. हादसा इतना खतरनाक था कि आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. दो लोगों को गाड़ी का दरवाजा काटकर बाहर निकाला गया. तीन की मौत की पुष्टि घटनास्थल पर ही की जा चुकी थी. एक ही हालत काफी गंभीर है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कॉर्पियों गाड़ी काफी तेजी से आ रही थी. पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में भी आशंका जताई जा रही है कि गाड़ी चलाते समय अचानक से ही छपकी लग गई होगी, जिसकी वजह से तेज रफ्तार वाहन आगे जा रही ट्रेलर पर जा टकराई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया की मृतक युवक नोएडा में इंजीनियर के रूप में काम कर रहा है. परिवार के साथ में छुट्टी मनाकर वह अपने घर वापस आ रहा था. मृतकों को पैतृक घर देवघर में है. उनके कुछ रिश्तेदार सोनपुर और रांची में भी है. मृतकों के परिवार वालों को मामले की जानकारी दी जा चुकी है. उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
ये भी पढ़ें: Ketan Agrawal Murder Case: पोते की मौत के सदमे में दादा का निधन, अग्रवाल परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
