राम मंदिर दान चोरी मामले के बाद अब श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की 6 जुलाई को बैठक है. इस बैठक में पहली बार सभी ट्रस्टी एक साथ बैठने वाले हैं. इस दौरान कई जरूरी फैसलों पर चर्चा की जाएगी.

6 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक
अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी का मामला इन दिनों काफी सुर्खियों में बना हुआ है. अब 6 जुलाई को होने वाली श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. जानकारी के मुताबिक मणिरामदास जी की छावनी में दोपहर के लगभग 3 बजे इस बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी ट्रस्टी पहली बार एक साथ बैठे नजर आएंगे.
चंपत राय के इस्तीफे पर होगी चर्चा
जानकारी के मुताबिक इस बैठक की शुरुआत पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर विचार करने से होगी. इस मामले में विचार करने के बाद राम मंदिर के दानपात्रों से प्राप्त दान की गणना में सामने आई अनियमितताओं की जांच कर रही 3 सदस्यीय SIT की अंतरिम रिपोर्ट को ट्रस्ट के समक्ष रखा जाएगा. रिपोर्ट से ट्रस्टियों को अवगत कराकर आगे की कार्रवाई पर चर्चा की जाएगी.
कई फैसलों पर होगा विचार
आपको बता दें कि दान चोरी मामले में 8 आरोपी जेल में हैं. इस मामले में पूर्व महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा भी आरोपों के चलते चर्चा में हैं, जिसके चलते सभी की नजरें ट्रस्ट की इस बैठक पर टिकी हुई हैं. इस बैठक के दौरान मंदिर की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था को ज्यादा पारदर्शी बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों के ऊपर भी विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है.
मंदिर के लिए सीईओ नियुक्ती का प्रस्ताव
बताया जा रहा है कि मंदिर के लिए एक पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को नियुक्त करने के विचार पर भी चर्चा की जा सकती है. फिलहाल सभी की नजरें ट्रस्ट की इस बैठक पर टिकी हुई हैं. 6 जुलाई को होने वाली इस बैठक में सभी ट्रस्टी एक साथ बैठने वाले हैं. इस दौरान कई जरूरी फैसले लिए जाने की संभावना भी जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- राजधानी में मानसून के बाद पहली बारिश! लोगों को मिली भीषण गर्मी से राहत; आगे भी जारी रह सकता सिलसिला
