Meerut School Director Death Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ के हस्तिनापुर में स्कूल संचालक अतुल कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी और स्कूल वैन ड्राइवर तुषार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. आरोप है कि पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियों की ओवरडोज दी गई, फिर कमरे में जहरीला सांप छोड़कर उसे डसवाया गया.
बीमा की रकम हासिल करने के लिए प्लानिंग
जांच में कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पत्नी दामिनी, प्रेमी तुषार और दो सपेरों सोनू व उदय को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी हत्या के बाद बीमा की रकम हासिल कर नई जिंदगी शुरू करना चाहते थे. घटना के बाद इसे पहले सांप के काटने से हुई सामान्य मौत माना गया था, लेकिन परिजनों के शक और पुलिस जांच में पूरी साजिश का खुलासा हो गया.इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पत्नी, प्रेमी और दो सपेरों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
बेड पर मिला था स्कूल संचालक का शव
पुलिस के मुताबिक, पत्नी स्कूल के वैन ड्राइवर से प्यार करती थी. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन पति बीच में रोड़ा बन रहा था. इसलिए दोनों ने सपेरों से 5 लाख रुपए में जहरीले सांप से हत्या की डील तय की. गुरुवार रात पत्नी ने पति अतुल कुमार को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं. अतुल के सोने के बाद प्रेमी सपेरों के साथ घर पहुंचा और कमरे में जहरीला सांप छोड़ दिया. कमरे में सांप मौजूद था और अतुल के पैर पर डसने के निशान भी थे, इसलिए सभी ने इसे हादसा माना. परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
ड्राइवर ने कबूली पूरी वारदात
पुलिस ने दामिनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. कॉल डिटेल खंगालने पर वैन ड्राइवर तुषार से उसकी लगातार बातचीत सामने आई. तुषार को पकड़ा गया तो उसने पूरी साजिश कबूल कर ली. उसने बताया कि अतुल उनके रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा था. अतुल ने 20 लाख रुपये का बीमा भी कराया था. हत्या के बाद बीमा की रकम लेकर दोनों नई जिंदगी शुरू करना चाहते थे. यह मामला हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है.
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पत्नी ने बताया था कि वह रात करीब 2 बजे अपने 6 साल के बेटे को लेकर दूसरे कमरे में सोने चली गई थी. सुबह जब कमरे में पहुंची, तो पति बेड पर चादर ओढ़कर लेटे थे. कई बार आवाज देने पर कोई हलचल नहीं हुई, तो पत्नी ने चादर हटाई. वहां एक सांप देखकर वह चीख पड़ी. जांच में उनके दाएं पैर पर सांप के काटने के निशान मिले. सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि स्कूल संचालक का शव मिलने की सूचना पर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से सबूत और नमूने जुटाए. उन्होंने बताया कि कॉल डिटेल के आधार पर ड्राइवर तुषार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की पूरी बात कबूल कर ली. ड्राइवर तुषार, पत्नी दामिनी, सपेरे सोनू और उदय को गिरफ्तार किया गया है.
दोनों ने की थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय अतुल कुमार ने 7 साल पहले दामिनी से लव मैरिज की थी. परिजनों का कहना है कि शादी के बाद पत्नी के साथ मिलकर स्कूल चला रहे थे. सुबह 7 बजे दामिनी ने कॉल कर जानकारी दी. हमें पहले से ही बहू पर शक था. हमने पुलिस से शिकायत कर दी.
ये भी पढ़ें: नैनीताल की ‘हॉरर’ मिस्ट्री: जिला पंचायत क्षेत्र में 10 दिनों से रात में आसमान से टपक रहे पत्थर, पुलिस भी हैरान!
