UP T20 Season 4: उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े क्रिकेट फेस्टिवल ‘यूपी टी-20 लीग’ (UP T20 League) के चौथे सीजन का औपचारिक ऐलान हो गया है. यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में सोमवार को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च किए गए. सोमवार को मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च किए. लीग का फाइनल और समापन समारोह 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा.उद्घाटन समारोह में सुप्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलस अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी. इसके अलावा भव्य ड्रोन शो, आकर्षक आतिशबाजी और लोकप्रिय एंकर जतिन सप्रू कार्यक्रम को खास बनाएंगे.
पहला चरण (लखनऊ)
लखनऊ में 22 और कानपुर में 12 मुकाबले खेले जाएंगे. इस बार टूर्नामेंट को दो मुख्य चरणों में विभाजित किया गया है. पहला चरण (लखनऊ) में 14 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेला जाएगा. इस दौरान भव्य उद्घाटन समारोह (Opening Ceremony) सहित कुल 22 मुकाबले इकाना के मैदान पर होंगे.
दूसरा चरण (कानपुर)
28 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक दूसरा चरण कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा. यहां प्ले-ऑफ और खिताबी जंग समेत कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे.
कब होगा ग्रैंड फाइनल
सीजन-4 का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर 2026 को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा.
कैसे मिलेंगे टिकट
आयोजकों ने उद्घाटन समारोह के लिए 4,000 रियायती टिकट जारी किए हैं.अपर ब्लॉक का टिकट 349 रुपये और लोअर विंग का 499 रुपये निर्धारित किया गया है. टिकट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होंगे और ई-डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से भी खरीदे जा सकेंगे.
अवनीश अवस्थी ने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान कर रही है. उन्होंने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए इसी तर्ज पर महिला टी-20 लीग शुरू करने का सुझाव भी दिया. इसके साथ ही बताया कि लीग के बाद कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम का नवीनीकरण कराया जाएगा.
