Salman Khan PRP: सलमान खान द्वारा बालों के लिए PRP थेरेपी कराने के दावे के बीच त्वचा विशेषज्ञ ने समझाया कि यह थेरेपी कैसे काम करती है और किन लोगों के लिए फायदेमंद है.

Salman Khan PRP: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को लेकर हाल ही में उनके दोस्त और फिल्म निर्माता शैलेंद्र सिंह ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने एक पॉडकास्ट में बताया कि सलमान खान ने अपने बालों को बचाने के लिए प्लेटलेट्स रिच प्लाज्मा (पीआरपी) थेरेपी का सहारा लिया था. इस खबर के बाद से ही लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर यह थेरेपी क्या होती है और यह गिरते बालों को रोकने में कितनी असरदार है.
क्या होती है पीआरपी थेरेपी और कैसे काम करती है
स्किन केयर विशेषज्ञ डॉ. अमित बांगिया के अनुसार पीआरपी एक नेचुरल बायो-टेक्निक इलाज है. इसमें मरीज के अपने ही शरीर से थोड़ा सा खून निकाला जाता है. फिर उस खून को सेंट्रीफ्यूज मशीन में घुमाकर प्लाज्मा और ग्रोथ फैक्टर्स को अलग कर लिया जाता है. इसके बाद इस पोषक तत्वों से भरे प्लाज्मा को सिर की त्वचा में छोटे-छोटे इंजेक्शन से लगाया जाता है.
सोई हुई जड़ों को जगाते हैं नए मजदूर
हमारे शरीर में मौजूद स्टेम सेल्स किसी भी नई कोशिका को बनाने की ताकत रखते हैं. जब ग्रोथ फैक्टर्स को सिर की त्वचा में डाला जाता है, तो वे बंद पड़ी बालों की जड़ों को सक्रिय कर देते हैं. यह प्रक्रिया ठीक वैसे ही है जैसे किसी बंद पड़ी फैक्ट्री में नए मजदूर काम पर लग जाएं. इससे सिर में खून का दौरा बढ़ता है और बालों की जड़ों को भरपूर पोषण और ऑक्सीजन मिलने लगती है.
झड़ते और पतले बालों के लिए बेहतरीन इलाज
यह थेरेपी कमजोर और पतले हो रहे बालों के लिए खाद की तरह काम करती है. जिन लोगों के बाल बहुत तेज़ी से झड़ रहे हैं या पतले हो चुके हैं, उनके लिए यह बहुत फायदेमंद है. अगर किसी के परिवार में बाल झड़ने की पुरानी समस्या रही है, तो वे बाल पूरी तरह खत्म होने से पहले ही यह इलाज शुरू करवा सकते हैं. इससे बाल मजबूत, मोटे और घने होने लगते हैं.
गंजेपन का इलाज नहीं है यह थेरेपी
डॉ. बांगिया ने स्पष्ट किया कि पूरी तरह गंजे हो चुके लोगों के लिए यह थेरेपी बिल्कुल बेअसर है. जिन लोगों के सिर से बाल पूरी तरह खत्म हो चुके हैं और जड़ें मर चुकी हैं, वहां पीआरपी से नए बाल नहीं उग सकते. यह इलाज केवल उन्हीं लोगों के लिए मददगार है जिनके सिर पर बाल बचे हुए हैं, लेकिन वे कमजोर, पतले या लगातार झड़ रहे हैं.
कितने सेशन की ज़रूरत और कितना आता है खर्च
आमतौर पर पीआरपी थेरेपी का एक सेशन हर महीने दिया जाता है. मरीज की स्थिति के हिसाब से 5 से 6 सेशन की ज़रूरत पड़ती है. इस थेरेपी का खर्च हर क्लिनिक के हिसाब से अलग-अलग होता है. कुछ सेंटरों में एक सेशन का खर्च 2 से 3 हजार रुपये आता है, तो बड़े क्लिनिक्स में यह 10 से 15 हजार रुपये तक जा सकता है. डॉक्टर 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को यह थेरेपी लेने की सलाह देते हैं.
