घरेलू हिंसा की घटनाएं हमें जब-तब देश में देखने को मिलती हैं. एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना छत्तीसगढ़ से सामने आई है. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक मामूली घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी ही पत्नी को पीट-पीटकर मौत के घाट के उतार दिया.
पति ने कर दी पत्नी की हत्या
घरों में विवाद होना मामूली बात होती है. पति-पत्नी आपस में जब-तब लड़ते हैं और कुछ समय के बाद में बात शांत हो जाती है. लेकिन छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक मामूली घरेलू विवाद ने हिंसक घटना का रूप ले लिया. तातपानी पुलिस चौकी क्षेत्र में एक पति ने पीट-पीटकर अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.
बेटे ने दर्ज कराई शिकायत
जानकरी के मुताबिक, आम सेन्दुर गांव के एक 45 साल के निवासी ने पुलिस चौकी तातापानी में शिकायत दर्ज कराई. 45 साल के राजेश कोड़ाकू ने शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि 1 जनवरी को शाम के लगभग 6:30 बजे उसके पिता रामदेव कोड़ाकू ने उसकी मां रूनिया कोड़ाकू को बुरी तरह से पीट-पीटकर मार दिया है. जिसके बाद पुलिस ने तुरंत ही एक्शन लेना शुरू कर दिया.
खाना देरी से मिलने पर हुई वारदात
पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के बेटे ने बताया कि उसके पिता ने शाम के करीब 6:30 बजे खाना मांगा था, लेकिन खाने में किसी कारण से देर हो गई थी. जिसके बाद उसके पिता ने खाना तुरंत न मिलने पर गुस्से में आकर उसकी मांग की बुरी तरह से पिटाई शुरू कर दी और लकड़ी के डंडों से उसे बेरहमी से पीटने लगा. जिसके बाद में उसकी मां बुरी तरह से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
राजेश कोड़ाकू की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत ही मामले की जांच शुरू कर दी और जांच के दौरान आरोपी पति के खिलाफ हत्या से जुड़े हुए कई सबूत मिले. सबूतों के मिलने के बाद में पुलिस ने 65 साल के आरोपी रामदेव कोड़ाकू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा है.
