बालाघाट के किरनापुर में चोरी मामले में दंपती को गिरफ्तार किया गए. जिसके बाद दंपती के साथ थाने में मारपीट के आरोपों को लेकर मरार-माली समाज का प्रदर्शन हिंसक हो गया. इस दौरान पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ी गई.
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस चोरी के मामले में आरोपी चौधरी दंपती से थाने में मारपीट के आरोप को लेकर मरार-माली समाज का प्रदर्शन हिंसक हो गया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
50 हजार रूपये की चोरी का मामला
आपको नता दें कि यह मामला 31 अगस्त को किरनापुर पोस्ट ऑफिस में हुई करीब 50 हजार रुपये की चोरी से जुड़ा है. चोरी के शक में ग्राम टिमकीटोला नक्शी के रहने वाले कैलाश चौधरी और उसकी पत्नी को पुलिस ने हिरासत में लिया था. आरोप है कि पूछताछ के दौरान दोनों के साथ थाने में मारपीट की गई. इस मामले को लेकर मरार-माली समाज में आक्रोश है. समाज की मांग है कि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और दंपती को न्याय दिलाया जाए.
7 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
जानकारी के मुताबिक मामले में बालाघाट SP आदित्य मिश्रा ने उपनिरीक्षक दामेन्द्र तुरकर, प्रधान आरक्षक आशीष बघेल, आरक्षक कपिल राजपूत और महिला आरक्षक मेघा टेकाम को निलंबित कर लाइन हाजिर किया है. इसके साथ ही DSP प्रतिष्ठा राठौर के नेतृत्व में 4 सदस्यीय SIT का गठन किया गया है. टीम को 7 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.
पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग
हालांकि मामले में समाज के लोगों का कहना है कि सिर्फ निलंबन पर्याप्त नहीं है. प्रदर्शनकारी आरोपी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की भी मांग कर रहे हैं. इसी मांग को लेकर समाज के लोग प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया.
इलाके में अतिरिक्त बल तैनात
घटना के दौरान पुलिस ने हालात संभालने के लिए पहले भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की. स्थिति काबू में नहीं आने पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए. इसके बाद प्रदर्शनकारी मौके से बिखर गए. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.
मामले में राजनीती तेज
अब मामले को लेकर रजनीति भी तेज हो गई है. बालाघाट प्रवास पर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी लाठीचार्ज के मामले पर सरकार और पुलिस पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि गर्भवती महिला को न्याय दिलाने की मांग को लेकर समाज सड़क पर उतरा था और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसाईं. पटवारी ने इसे सरकार और पुलिस के जंगलराज का परिचय बताया.
