DU के नॉर्थ कैंपस में 2 गुटों के बीच मारपीट हुई है. इस दौरान ABVP से जुड़े 2 छात्र घायल हुए हैं. दोनों का हिंदू राव अस्पताल में मेडिकल कराया गया है. यह घटना DUSU चुनाव के पहले हुई है
दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के नॉर्थ कैंपस में DUSU चुनाव के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक घटना शाम करीब 5 बजे लॉ सेंटर-1 और कैंपस लॉ सेंटर के बाहर की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि मारपीट में ABVP से जुड़े हुए दो छात्र घायल भी हुए हैं. दोनों का हिंदू राव अस्पताल में मेडिकल कराया गया है.
NSUI की ओर से हमले का आरोप
ABVP की ओर से आरोप लगाया गया है कि NSUI और समाजवादी छात्र सभा के छात्रों ने उनके कार्यकर्ताओं और डीयू के छात्रों पर हमला किया. ABVP के मुताबिक हमले में उसके कार्यकर्ताओं के सिर में चोट लगी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
2 गाड़ियां हुईं क्षतिग्रस्त
आपको बता दें कि इससे पहले मंगलवार को दिल्ली के भारत नगर इलाके में वजीरपुर गांव के पास यूनिवर्सिटी के सत्यवती कॉलेज के छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई, जिसमें दो गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं. दिल्ली पुलिस के अनुसार सत्यवती कॉलेज के 19 साल के दो छात्र, जिनकी पहचान अंश और भविष्य चौधरी के तौर पर हुई है. ये दोनों छात्र इस झगड़े में शामिल थे.
क्राइम ब्रांच को मौके पर बुलाया
इस घटना के बाद पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस को 2 क्षतिग्रस्त गाड़ियां मिलीं. इलाके की जांच करने और घटनास्थल से फोरेंसिक सबूत इकट्ठा करने के लिए क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमों को बुलाया गया.
सुरक्षा कड़ी करने के दिए थे निर्देश
जानकारी के मुताबिक DU के वाइस-चांसलर प्रोफेसर योगेश सिंह ने दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक की थी. इस बैठक में उन्होंने कैंपस में शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने और 3-4 दिनों के लिए सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए थे. हालांकि वोटिंग से 24 घंटे पहले आर्ट्स फैकल्टी जैसी हाई-प्रोफाइल जगह पर गुटबाजी और हिंसा की घटनाओं ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है.
