गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया. यहां एक्सप्रेसवे पर ग्रिल लगा रहे 4 मजदूरों को कार मे टक्कर मर दी. हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. इस घटना में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.
गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा हुआ है. श्रीराम चौक के पास रात दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पर लोहे की ग्रिल लगाने का काम कर रहे 4 मजदूरों को टक्कर मार दी. इस हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 2 अन्य मजदूर और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों की पहचान बिजेंद्र और पप्पू के रूप में हुई है. दोनों उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले थे.
ग्रिल लगाने का चल रहा था काम
आपको बता दें कि श्रीराम चौक के पास द्वारका एक्सप्रेसवे के डिवाइडर को सुरक्षित करने के लिए रात में लोहे की ग्रिल लगाने का काम चल रहा था. एक भारी ग्रिल को लगाने के लिए 4 मजदूर काम कर रहे थे. ग्रिल लगाने के बाद दो मजदूर उसके पेंच कस रहे थे, जबकि दो अन्य मजदूर उसे डिवाइडर पर मजबूती से पकड़कर खड़े थे. इसी दौरान दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार बीट कार आई और सीधे मजदूरों की तरफ जा घुसी.
नियंत्रित नहीं हुई कार
कार को तेजी से आता देखकर बाकी दो मजदूरों ने खुद को बचाने के लिए एक्सप्रेसवे के बीच बनी ग्रीन बेल्ट की तरफ छलांग लगाई. हालांकि कार की रफ्तार ज्यादा थी जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. कार ग्रीन बेल्ट में भी जा घुसी और वहां कूदे दोनों मजदूरों को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी वाइब्रेंट अस्पताल पहुंचाया गया.
मौके पर पहुंची पुलिस
इस पूरे हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर काम करा रहे ठेकेदार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक जिस जगह मजदूर काम कर रहे थे, वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड नहीं लगाए गए थे. घटना की सूचना मिलते ही बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों मजदूरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है.
