लखनऊ के एक होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत हो गई. घटना के दौरान युवती का प्रेमी कमरे में ही मौजूद था. घटना के बाद वह फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित ओमेक्स बिल्डिंग में 10वीं मंजिल से गिरकर एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ बिल्डिंग की 10वीं मंजिल पर स्थित कमरे में ठहरी हुई थी. घटना के बाद युवती का प्रेमी मौके से फरार हो गया.
दोनों ने बुक कराया था कमरा
जानकारी के मुताबिक युवती चौक इलाके की रहने वाली थी, जबकि उसका प्रेमी सुल्तानपुर का निवासी है. बताया जा रहा है कि दोनों ने ओमेक्स बिल्डिंग में कमरा बुक कराया था. इसी दौरान युवती 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने युवती के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस इस घटना के बाद इस बात की जांच कर रही है कि युवती कैसे गिरी और घटना के समय वहां कैसे हालात थे. घटना के बाद प्रेमी के मौके से फरार हो जाने की जानकारी भी जांच का हिस्सा है. पुलिस के मुताबिक युवती के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों को स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है.
मौके पर पहुँची फील्ड यूनिट
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि होटल ओमेक्स न्यू हजरतगंज के सिक्योरिटी इंचार्ज द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि होटल सेलेश्टियल ओमेक्स न्यू हजरतगंज के कमरा नंबर 1037 में एक लड़की अपने प्रेमी के साथ आई थी. लड़की का नाम समरीन और उम्र करीब 24 साल है. बताया जा रहा है कि लड़की सुल्तानपुर के रहने वाले अवनीश नाम के लड़के साथ आई थी. दोनों ने करीब 11.46 बजे कमरा नंबर 1037 में एंट्री की थी. जिसके बाद शाम करीब 6 बजे लड़की उसी कमरे से नीचे गिर गई. घटना के बाद मौके पर फील्ड यूनिट बुलवाकर फोटो ग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर सबूत जुटाए गए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने मोर्चरी भिजवाया है.
