बागपत में राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात सैनिक को गोली मारने का मामला अब तेजी पकड़ रहा है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के ऊपर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है. जानकारी के मुताबिक दोनों की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें दबिश दे रही हैं
उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली की रात राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात सैनिक सौरभ को गोली मारने के मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है. दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. गोली लगने से घायल सैनिक की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है.
दिवाली की रात हुई घटना
आपको बता दें कि रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव में 8 नवंबर की रात में विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी. इस घटना में राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात सैनिक सौरभ और उसका भाई विपिन घायल हो गए थे. घटना को लेकर आरोप है कि गांव के ही धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की थी. इसी दौरान धीरज ने तमंचे से गोली चला दी.
सिर में लगी गोली
जानकारी के मुताबिक आरोपियों की ओर से चलाई गई गोली पहले दीवार से टकराई और फिर उसका हिस्सा सैनिक सौरभ के सिर में जा लगा. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं मारपीट में उनका भाई विपिन भी घायल हुआ था. घटना के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया. सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए पहले उसे मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज और फिर मिमेन्स हॉस्पिटल रेफर किया गया. हालांकि डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके सिर से गोली निकाल दी है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
आरोपियों पर इनाम घोषित
इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की. अब पुलिस ने भी कार्रवाई तेज कर दी. SP पूर्णेन्दु सिंह ने 11 नवंबर को दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया. पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमें बनाई हैं. ये सभी टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं.
ASP ने दी मामले की जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीन सिंह चौहान ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. दोनों आरोपियों पर इनाम भी घोषित कर दिया गया है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
