Mohan Bhagwat statement: छत्रपति संभाजीनगर में पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन के दौरान आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि ताकतवर देश अपना दबदबा बनाए रखने के लिए भारत की तरक्की नहीं चाहते, जबकि भारत संकट में पड़ोसी देशों की भी मदद करता है. कार्यक्रम में उन्होंने नई पीढ़ी की सोच, पद्म विजेताओं और जनरल अनिल चौहान ने 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य पर अपने विचार रखे.

Mohan Bhagwat statement: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को बड़ी बात कही है. उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत आगे बढ़े. उनके मुताबिक ताकतवर देश इसी सोच पर चलते हैं कि जिसकी ताकत ज्यादा है, वही टिकेगा. वे अपना दबदबा कायम रखने के लिए दूसरे देशों को दबाव में रखते हैं. लेकिन भारत की सोच इन सबसे अलग है. भारत संकट के समय उन देशों की भी मदद करता है, जो उससे नफरत करते हैं. भागवत ने यह बयान महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन के दौरान दिया. इस मौके पर पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे.
क्यों नहीं चाहतीं वैश्विक ताकतें
मोहन भागवत ने कहा कि ताकतवर देशों को यह डर सताता है कि भारत के आगे बढ़ने से उनका दबदबा खत्म हो जाएगा. उन्होंने इसकी वजह भी बताई. भागवत के अनुसार भारत सबकी भलाई और मदद करना चाहता है. जब देश मजबूत होता है, तो दुनिया में ताकत का संतुलन बदलता है. यही बात बड़ी ताकतों को रास नहीं आती.
पड़ोसी देशों की मदद का जिक्र
आरएसएस प्रमुख ने अपने बयान में पड़ोसी देशों को दी गई मदद के उदाहरण गिनाए. उन्होंने कहा कि संकट के वक्त भारत ने मालदीव तक पानी पहुंचाया. आर्थिक संकट से जूझते श्रीलंका को भी भारत ने आर्थिक मदद दी. नेपाल की पर्यावरण से जुड़ी दिक्कतों और बांग्लादेश की मदद का भी उन्होंने जिक्र किया. भागवत ने यह भी कहा कि बाढ़ और भूकंप जैसी आपदाओं के समय भारत ने पाकिस्तान तक की सहायता की है. उनके मुताबिक भारत मानता है कि ताकत का सही इस्तेमाल कमजोरों की रक्षा और शांति बनाने में होना चाहिए.
नई पीढ़ी पर क्या बोले भागवत
युवाओं के बारे में बात करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि आज की पीढ़ी गुलामी की सोच से बाहर निकल रही है. युवा सच्चाई के साथ खड़े होने को तैयार हैं. उन्हें झूठ पसंद नहीं आता. वे चाहते हैं कि उनका देश महान बने. भागवत ने कहा कि नई पीढ़ी में देश को आगे ले जाने का जज्बा दिख रहा है.
पद्म विजेताओं की सराहना
कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत ने पद्म पुरस्कार पाने वालों की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि इन लोगों ने पक्के इरादे के साथ काम किया. इनके काम से लाखों लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है. भागवत के अनुसार अपने काम से जो संतुष्टि मिलती है, उसकी तुलना किसी पैसे या कमाई से नहीं की जा सकती.
2047 के लक्ष्य पर जनरल चौहान
इस कार्यक्रम में जनरल अनिल चौहान ने भी अपने विचार रखे. उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा करने में युवाओं की सबसे अहम भूमिका होगी. इस बदलाव का सबसे ज्यादा फायदा भी युवाओं को ही मिलेगा. जनरल चौहान ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है.
