पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में बीटेक फर्स्ट ईयर के एक छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भेजा. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब इस मामले में जांच कर रही है.
चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां के हॉस्टल में गुरुवार को एक बीटेक छात्र का शव मिलने से हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक़ छात्र हॉस्टल के कमरे में अकेला था. दोपहर में जब उसका रूममेट वापस लौटा तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद हॉस्टल के गार्ड की मदद से दरवाजा खोला गया. अंदर छात्र फंदे से लटका हुआ मिला. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर निवासी आर्यन के रूप में हुई. वह बीटेक फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था.
फर्स्ट ईयर का छात्र था मृतक
जानकारी के मुताबिक़ मृतक छात्र आर्यन पंजाब यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UIET) में बीटेक फर्स्ट ईयर का छात्र था. वह यूनिवर्सिटी के हॉस्टल नंबर-5 की दूसरी मंजिल पर रहता था. वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर का रहने वाला था. गुरुवार को वह अपने कमरे में अकेला था, जबकि उसका रूममेट किसी काम से बाहर गया हुआ था.
कमरे में अकेला था छात्र
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह आर्यन का रूममेट कमरे से बाहर चला गया था. इसके बाद आर्यन कमरे में अकेला रह गया. दोपहर करीब 1:45 बजे जब रूममेट वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. उसने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद उसे अनहोनी की आशंका हुई और उसने हॉस्टल के गार्ड को बुलाया.
गार्ड की मदद से खोला कमरा
जानकारी मिलने के बाद रूममेट और गार्ड ने मिलकर दरवाजा खोलने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खोला गया तो अंदर आर्यन का शव फंदे से लटका मिला. इसके बाद तुरंत पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और छात्र को नीचे उतारा. इसके बाद पुलिस ने शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल भिजवा दिया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस आर्यन के कमरे की तलाशी भी ले रही है. लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई. पुलिस हॉस्टल में रहने वाले दूसरे छात्रों से भी पूछताछ कर रही है. इसके साथ ही आर्यन के दोस्तों और उसके करीबी लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
