जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में एक एसयूवी खाई में गिर गई. जानकारी के मुताबिक इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल का इलाज बारामूला के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है.
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एक एसयूवी (SUV) के खाई में गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक 11 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है. अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा देर रात उरी (Uri) क्षेत्र के गोहलान इलाके में हुआ, जब परिवार पास के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहा था.
कार में सवार थे 5 लोग
अधिकारियों के मुताबिक हादसे के समय एसयूवी में चालक समेत पांच लोग सवार थे. इस दौरान वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों में सैयद शफीक शाह (26), उनकी पत्नी राशिदा बानो (25), उनकी बहन दिलनाज फातिमा (17) और चचेरी बहन शाहिदा फातिमा (27) शामिल हैं. वहीं, 11 वर्षीय बच्ची का इलाज बारामूला के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है.
गंगा एक्सप्रेस-वे पर भी हादसा
वहीं इसके अलावा यूपी के संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. मृतकों में महिला का पति, 11 साल का इकलौता बेटा और भाई शामिल हैं. बताया जा रहा है कि चारों आजमगढ़ से कार बुक करके इलाज के लिए दिल्ली जा रहे थे. इसी दौरान बहजोई थाना क्षेत्र में उनकी वैगनआर कार गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले में पीछे से घुस गई. हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. तीनों लोग कार में फंस गए, जबकि ड्राइवर मौके से भाग गया.
