nitish kumar announces rajya sabha candidacy: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सार्वजनिक रूप से राज्यसभा जाने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी है और इसे अपना पुराना सपना बताया है. उन्होंने साफ किया है कि वे राज्यसभा सदस्य बनने के बाद भी बिहार के विकास और नई सरकार के मार्गदर्शन के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे.

nitish kumar announces rajya sabha candidacy: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बार होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने खुद सार्वजनिक रूप से कहा है कि वे राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं. इस बारे में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा किया. नीतीश कुमार ने कहा कि वे लंबे समय से संसदीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं. अब वे संसद के उच्च सदन का हिस्सा बनकर अपनी एक पुरानी इच्छा पूरी करना चाहते हैं. उनका कहना है कि राजनीति में कदम रखने के समय से ही उनके मन में यह सपना था. वे चाहते थे कि देश और राज्य की सभी प्रमुख विधायी संस्थाओं का हिस्सा बनें.
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में बिहार की जनता का भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से लोगों ने उन पर भरोसा बनाए रखा है. इसी विश्वास की ताकत से वे राज्य की सेवा कर पाए. उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन की वजह से ही बिहार आज विकास और सम्मान की नई पहचान बना रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी कई बार जनता का धन्यवाद कर चुके हैं. लेकिन इस मौके पर फिर से लोगों का आभार जताना चाहते हैं. क्योंकि जनता के विश्वास ने ही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी है.
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में अपने पुराने सपने का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपना संसदीय जीवन शुरू किया था. तभी उनके मन में एक खास इच्छा थी. वे चाहते थे कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों का हिस्सा बनें. साथ ही संसद के दोनों सदनों में भी काम करने का अवसर मिले. बिहार विधानमंडल में बिहार विधानसभा और बिहार विधान परिषद शामिल हैं. वहीं संसद में लोकसभा और राज्यसभा होते हैं. उनका कहना है कि अब वे इस सपने को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं.
नीतीश कुमार ने यह भी साफ किया कि अगर वे राज्यसभा के सदस्य बनते हैं. तब भी बिहार की जनता से उनका रिश्ता पहले की तरह बना रहेगा. उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए उनका संकल्प बिल्कुल नहीं बदलेगा. वे आगे भी बिहार के लोगों के साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी प्राथमिकता हमेशा राज्य का विकास और लोगों का सम्मान रहेगा. उन्होंने कहा कि जनता के साथ मिलकर विकसित बिहार बनाने का लक्ष्य पहले की तरह जारी रहेगा.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में जो नई सरकार बनेगी. उसे उनका पूरा सहयोग मिलेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे नए नेतृत्व को अपना मार्गदर्शन देते रहेंगे. उनका कहना है कि बिहार के विकास की यात्रा रुकनी नहीं चाहिए. इसलिए वे हर संभव मदद करने के लिए तैयार रहेंगे. उनके इस ऐलान के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि यह फैसला आने वाले समय में बिहार की सत्ता और राजनीति की दिशा को बदल सकता है.
