उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुरानी दुश्मनी को लेकर खेत से घर लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है, अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुरानी दुश्मनी के चलते युवक की हत्या
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां पुरानी दुश्मनी को लेकर एक युवक को मौत के घाट उतार दिया गया. घटना के बाद से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना मुजफ्फरनगर के शाहदरा बांगर गांव की है. बताया जा रहा है कि युवक शाम के समय अपने खेत से घर की ओर वापस जा रहा था.
खेत से घर जा रहा था युवक
बताया जा रहा है कि शाम के समय युवक अपने खेत से घर वापस जा रहा था. इसी दौरान कुछ हमलावर रास्ते में पहले से ही घात लगाए बैठे थे. गांव की सुनसान पगडंडी पर अचानक से हमलावरों ने उसे घेर लिया और जब तक युवक को कुछ समझ आया, तब तक बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. गोलियां लगते ही युवक नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद फरार हो गए हमलावर
मृतक की पहचान 26 साल के अक्षय के रूप में की गई है. युवक की मौत के बाद हमलावर तुरंत ही फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में जानकारी देते हुए SSP संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से जांच की जा रही है.
पुलिस कर रही छापेमारी
मृत युवक के परिजनों का आरोप है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का मामला है. परिजनों की शिकायत पर मनोज कुमार, युवक और भारत नाम के 3 लोगों के ऊपर मामला दर्ज किया गया है. परिजनों ने बताया कि पहले से ही आरोपियों से विवाद चल रहा था और आरोपियों ने कई बार जान से मारने की धमकी भी दी थी. फिलहाल पुलिस मामले में हर पहलू की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
