औरंगाबाद से दुखद घटना सामने आ रही है. दरअसल, 24 मार्च दिन मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में करीब 25 लोग घायल हो गए है. बताया जा रहा हैं कि सभी लोग छठ व्रती थे और ट्रेक्टर पर सवार होकर जा रहे थे. मामले की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाने क्षेत्र की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया.
जानकारी के अनुसार ट्रेक्टर जब फार्म हॉउस के समीप पहुंचा तो एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने टक्कर मार दी. एंबुलेंस में करीब 5 लोग सवार थे. वहीं, ट्रेक्टर के पलटने से 25 लोग घायल हो गए, जिनमें से कई छठ व्रती थी. स्थानीय लोगों से इक्ट्ठा जानकारी के अनुसार सभी घायल एक ही गांव के बताए जा रहे है. सभी लोग चैती छठ मनाने के लिए ओबरा प्रखंड के सरसौली गांव से सूर्य नगरी देव की ओग जा रहे थे.
हालांकि, स्थानीय लोगों ने टक्कर होने के बाद तुरंत एक्शन लिया और सभी को सदर अस्पताल लेकर गए, जिसमें कुछ लोगों की प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर बताई जा रही है. वहीं, तीन लोगों की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है. गंभीर लोगों को हायर सेंटर में रेफर कर दिया गया है. सभी घायल एक ही परिवार और गांव के सदस्य हैं.
जानकारी के अनुसार एंबुलेंस झारखंड के कोडरमा एक शव लेकर जा रही थी. एंबुलेंस काफी तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ. घटना के बाद एंबुलेंस चालक फरार हो गया. पुलिस फरार चालक की खोज कर रही है. हालांकि, हादसे में घायल लोगों में आक्रोश का माहौल है. दरअसल, घायलों को जब इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया तो वहां उनका इलाज सही तरीके से नहीं किया गया. इसी से गुस्सा होकर सभी घायल डीएम आवास के घेराव का मन बना रहे थे. सभी के चेहरे पर त्योहार के समय में मायूसी देखने को मिली है.
ये भी पढ़ें: पुरानी दुश्मनी ने लिया नया रूप! खेत से घर लौट रहे युवक की हत्या; गोलियों से कर दिया छलनी
