दरभंगा में चचेरे भाई ने पुरानी रंजिश के चलते अपने रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में पुरानी रंजिश को लेकर यह घटना हुई है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में जांच की जा रही है.
बिहार के दरभंगा से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है. यहां के बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में पुरानी रंजिश के चलते चचेरे भाई ने अपने ही रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात कुमुद ठाकुर ने 55 साल के शशिकांत ठाकुर के घर में घुसकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस दौरान सीने में गोली लगने से शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है.
घर में घुसकर मारी गोली
जानकारी के मुताबिक इस घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी ने गांव में अपने पांच से छह रिश्तेदारों के घरों के दरवाजे खटखटाए थे, लेकिन डर के कारण किसी ने दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद वह शशिकांत ठाकुर के घर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि उस समय घर का मुख्य दरवाजा खुला था और शशिकांत आंगन में बैठे थे. इसी दौरान आरोपी ने घर में घुसकर उन पर गोलियां चला दीं.
व्यक्ति से टकराई आरोपी की बाइक
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी बाइक से फरार होने लगा. लगभग दो किलोमीटर दूर बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव में उसकी बाइक एक व्यक्ति से टकरा गई. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद बांध दिया. इसके बाद सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्टल, खोखा और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा बुलेटप्रूफ जैकेट जैसी सुरक्षा पोशाक, हेलमेट और ग्लव्स भी मिले हैं. परिजनों और ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी के निशाने पर पांच से छह अन्य लोग भी थे. फिलहाल पुलिस इस दावे की जांच कर रही है.
4 महीने पहले मृतक को धमकाया
मृतक के परिजनों के मुताबिक हत्या के पीछे करीब पांच साल पुरानी रंजिश है. आरोप है कि कुमुद ठाकुर पिछले एक साल से शशिकांत को जान से मारने की धमकी भी दे रहा था. बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब चार महीने पहले खेत में पिस्टल दिखाकर भी धमकाया था. इसके बाद शशिकांत ने बिरौल थाने में आवेदन देकर अपनी जान को खतरा बताया था.
पहले भी की जा चुकी है शिकायत
बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि हत्या की धमकी को लेकर पहले भी थाने में आवेदन दिया गया था. उस पर क्या कार्रवाई हुई थी, इसकी जांच कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि अगर जांच में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी. दीपावली के त्योहार के बीच हुई इस हत्या से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं. अब पुलिस हत्या के पीछे की रंजिश, बरामद हथियारों के स्रोत और पहले दी गई शिकायत पर हुई कार्रवाई की जांच कर रही है.
