Noida Sector 45 News: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-45 में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर गंभीर संकट की स्थिति बनी हुई है. यहां लोगों को गैस सिलेंडर पाने के लिए पार्कों में लंबी-लंबी कतारें लगानी पड़ रही हैं. हालात इतने खराब हो गए हैं कि कई लोग पिछले तीन दिनों से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अब तक उनका नंबर अब तक नहीं आया है.
जानिए क्या है पूरा मामला ?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रोजाना गैस डिलीवरी की गाड़ी तो आती है, लेकिन उसमें महज 50 से 60 सिलेंडर ही होते हैं, जबकि लाइन में 100 से ज्यादा लोग खड़े रहते हैं. ऐसे में आधे से ज्यादा लोगों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है. इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सबसे बड़ी परेशानी उन परिवारों के लिए है जिनके घरों में गैस पूरी तरह खत्म हो चुकी है. मजबूरी में लोग लकड़ी काटकर लाते हैं और उसी पर खाना बनाने को मजबूर हैं. शहरी क्षेत्र में इस तरह की स्थिति ने प्रशासन और गैस एजेंसियों की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मैसेज के बाद भी खाली हाथ
उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि उनके मोबाइल पर “सिलेंडर डिलीवर हो गया है” का कन्फर्मेशन मैसेज आ रहा है, लेकिन हकीकत में उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है.
कस्टमर के सामने कई चुनौतियां
उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें गैस बुकिंग के बाद डिलीवरी का मैसेज तो मिल जाता है, लेकिन जब वे सिलेंडर लेने पहुंचते हैं तो वहां स्टॉक खत्म होने की बात कह दी जाती है.कई लोगों ने आरोप लगाया कि डिलीवरी मैन फोन भी नहीं उठाता, जिससे समस्या और बढ़ जाती है.खासकर, भारत गैस के उपभोक्ताओं ने ज्यादा परेशानी की शिकायत की है. उनका कहना है कि समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है. बच्चों और बुजुर्गों वाले परिवारों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की सप्लाई बढ़ाई जाए और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि सभी जरूरतमंदों तक समय पर सिलेंडर पहुंच सके. फिलहाल, सेक्टर-45 में हालात सामान्य होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं और लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही इस समस्या का समाधान निकलेगा.
ये भी पढ़ें: बिलासपुर में 22,800 से ज्यादा पक्षी और हजारों अंडे नष्ट, जानें इसके पीछे की वजह
