जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया गया है. यह कार्रवाई अरहामा इलाके में खुफिया जानकारी के आधार पर की गई है.
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की आतंकियों से मुठभेड़
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मंगलवार शाम को मुठभेड़ हुई है. यह पूरी कार्रवाई अरहामा इलाके में की गई है. जानकारी के मुताबिक खुफिया सूचना के आधार पर भारतीय सूचना की चिनार कॉर्प्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस संयुक्त ऑपरेशन को शुरू किया था. आतंकियों और सुरक्षा बलों की इस मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है.
सेना के ऊपर शुरू की फायरिंग
सुरक्षा बलों को इलाके में 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद इस इलाके की घेराबंदी की गई थी. जब सुरक्षा बलों की टीम ने घेरबंदी शुरू की तो आतंकियों ने उनके ऊपर फायरिंग शुरू कर दी. जिसके बाद सेना के जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की, सेना की तरफ से की गई कार्रवाई में एक आतंकी ढेर हो गया है. मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है.
रिहायशी इलाका है अरहामा
मुठभेड़ के बाद इलाके में भारी संख्या में जवानों को तैनात किया गया है. सेना ने आतंकी को ढेर करने वाले इस मिशन को अरहामा नाम दिया है. आपको बता दें कि यहां सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है, क्योंकि 1-2 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है. यह इलाका थोड़ा कठिन और रिहायशी है, जिसके चलते सुरक्षा बल काफी सावधानी के साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं, जिससे किसी भी नागरिक को कोई नुकसान न पहुंचे.
अभी भी जारी है सर्च ऑपरेशन
सुरक्षा बलों ने इलाके में घेरे को काफी टाइट करके रखा है, जिससे अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी भागने में सफल न हो पाएं. फिलहाल स्थानीय प्रशासन ने मुठभेड़ की तरफ जाने वाले रास्ते को ब्लॉक कर दिया है. इलाके में ऑपरेशन लगातार जारी है और बचे हुए आतंकियों को ढूंढ़ा जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जब तक आखिरी आतंकी ढेर नहीं किया जाएगा, तब तक यह सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा.
