ग्रेटर नोएडा में खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर 2 चोरों ने एक घर से 2 गैस सिलेंडरों को चुरा लिया. सिलेंडर लेकर भागते हुए चोरों का फुटेज सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया है. पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है.
घर से चोरी किए गैस सिलेंडर
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में शातिर चोरों ने छोटे बच्चों को झांसा देकर घर में रखे 2 गैस सिलेंडरो को लूट लिया. जानकारी के मुताबिक मूल रूप से रुद्रप्रयाग के रहने वाले प्रदीप सजवाण के घर से 2 गैस सिलेंडरों की चोरी हुई है. वे पिछले 3 सालों से ग्रेटर नोएडा में किराए के मकान में रहते हैं.
खुद को बताया गैस एजेंसी का कर्मचारी
पूरी घटना सोमवार दोपहर लगभग 2 बजे के आसपास की है. उस दौरान पीड़ित व्यक्ति के 2 बच्चे ही घर पर मौजूद थे. दोनों पति-पत्नी ड्यूटी पर गए हुए थे. घर पर चोरी के दौरान उनका 8 साल और 14 साल बेटा मौजूद था. इस दौरान मोटरसाइकिल से 2 लोग घर पर पहुंचे और खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया. चोरों ने बच्चों से सिलेंडर में लीकेज की शिकायत मिलने की बात कही.
नकली पिता से कराई बात
चोरों की बात पर बच्चों ने इस बात की जानकारी होने से मना कर दिया. जिसके बाद उन्होंने बच्चों से उनके पिता से बात कराने की बात कही. फोन पर दूसरी तरफ से एक आवाज सुनने के बाद बच्चों को लगा कि उनके पिता की आवाज है. जिसके बाद बच्चों ने उन्हें घर के अंदर एंट्री दे दी. जिसके बाद किचन में दोनों चोरों ने सिलेंडर पर पानी डालकर उसे चेक किया और कह दिया कि यह सिलेंडर खराब है और इसे बदलना होगा.
मोटरसाइकिल से हुए फरार
सिलेंडर बदलने की बात कहकर दोनों चोरों ने घर में रखे 2 सिलेंडर उठाए और बाहर खड़ी बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर रखकर फरार हो गए. जिसके बाद बच्चों ने शाम को अपनी मां को इस घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. यह पूरी वारदात सीसीटीवी में भी कैद हुई है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले में कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें- मातम में बदला शादी का जश्न! डीजे पर डांस करते हुए गिरा युवक; कुछ ही पलों में थम गई सांसें
