abhishek sharma fitness update: Abhishek Sharma पेट के संक्रमण से जूझ रहे हैं, इसलिए वर्ल्ड कप में इंडिया और पाकिस्तान टीम के मुकाबले में उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है. इस बीच मोहम्द आमिर ने उन्हें हाई-रिस्क बल्लेबाज बताया, लेकिन माना कि लय में आने पर वह मैच का रुख बदल सकते है.

abhishek sharma fitness update: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी. उस मुकाबले में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा नहीं खेल पाए थे. उनकी तबीयत ठीक नहीं थी. उन्हें पेट में संक्रमण की शिकायत हुई थी. इसी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. अब सबकी नजर 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच पर है. सवाल यही है कि क्या अभिषेक इस बड़े मुकाबले में खेल पाएंगे या नहीं. अभी तक उनकी फिटनेस पर पूरी तरह से साफ स्थिति नहीं आई है.
अभिषेक शर्मा को अस्पताल से छुट्टी तो मिल गई है. लेकिन वह पूरी तरह से फिट नहीं माने जा रहे हैं. टीम मैनेजमेंट उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है. अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा. अगर वह पूरी तरह फिट होते हैं, तभी उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी. भारत और पाकिस्तान का मैच हमेशा हाई वोल्टेज माना जाता है. ऐसे में टीम किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती.
इस बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने अभिषेक शर्मा को लेकर बयान दिया है. उनके बयान से क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई है. आमिर ने कहा कि अभिषेक एक स्लॉगर बल्लेबाज हैं. वह हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करते हैं. आमिर के मुताबिक उनका खेल काफी जोखिम भरा है. जब उनका दिन होता है, तब वे मैच बदल सकते हैं. लेकिन तकनीकी तौर पर उन्हें अभी खुद को साबित करना बाकी है.
आमिर ने यह भी कहा कि स्विंग गेंदबाजी और शरीर पर गेंद डालकर अभिषेक को परेशान किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि अगर गेंदबाज सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करें, तो अभिषेक को रोकना मुश्किल नहीं होगा. हालांकि उन्होंने यह भी माना कि जब अभिषेक लय में आते हैं, तो विपक्षी टीम को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी मैच का रुख बदल सकती है.
इससे पहले अभिषेक अमेरिका के खिलाफ मैच में भी अस्वस्थ होने के बावजूद मैदान पर उतरे थे. उस मुकाबले में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे. मैच के बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी. उन्हें एक दिन के लिए अस्पताल में भर्ती करना पड़ा. रिपोर्ट्स के अनुसार उनका करीब दो किलो वजन भी कम हो गया है. अब सबकी नजर पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर है. अगर वह फिट होकर खेलते हैं, तो भारत के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकते हैं.
