मंगलवार के दिन आगरा से बेहद अजीब मामला सामने आया है. दरअसल, महिला आयोग की जनसुनवाई के दौरान काफी चौंका देने वाला केस आया है. बता दें कि एक बुजुर्ग महिला ने अपने 74 साल के पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है. 52 साल से अपने पति के संग में जीवन बिता रही बुजुर्ग औरत ने महिला आयोग से न्याय की गुहार लगाई है. महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपनी पति के दूसरी शादी की तैयारियों की वजह से मानसिक रूप से तनाव में गुजर रही है. इसी वजह से वह महिला आयोग के पास न्याय मांगने के लिए आई है.
पीड़ित महिला ने जनसुनवाई के समय बताया कि उनकी शादी को 52 साल हो चुके हैं. चार बेटे है, जिसमें से एक की उम्र 50 वर्ष है. पति की उम्र भी 74 वर्ष है. फिर भी वह दूसरी शादी करने की चाह रख रहा हैं. वहीं, जिस महिला से वह शादी करना चाह रहा है, उसकी भी उम्र 60 साल के करीब है.
शादी के पहले दिन से ही पति के संग में उसके संबंध अच्छे नहीं है, जिसकी वजह से वह लंबे समय से मानसिक और पारिवारिक प्रताड़ना को झेल रही है. इसी कारण से वह परेशान हो कर 2013 से अलग रह रही है. सभी बेटों की शादी हो गई है. वह अपने-अपने परिवार पर ध्यान देते हैं. वह अकेला महसूस करती है. ऐसे में पति की दूसरी शादी करने की चाह सुन वह मानसिक रूप से परेशान है.
बता दें कि महिला जनसुनवाई सर्किट हाउस में आयोजित की गई थी. कई सालों से महिलाओं की परेशानियों को इस जनसुनवाई में सुना जाता है. इसी दौरान उनके पास यह मामला आया है. बुजुर्ग महिला का कहना हैं कि उनके जीते जी उनका पति दूसरी शादी कैसे कर सकता है. उसने मांग रखी है कि पति के नाम पर जो भी संपत्ति है, उस पर उनका अधिकार हो. मामले की गंभीरता को देखते हुए जनसुनवाई में महिला के पति को भी बुलाया गया और मामले की जानकारी ली गई. अब देखना यह हैं कि मामले पर आयोग आगे क्या फैसला लेता है.
