Ayodhya Ram Mandir Donation Case: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा धनराशि चोरी के मामले के आठों आरोपियों की आज पेशी है. जेल में निरुद्ध सभी आरोपियों को आज विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा. सुरक्षा के लिहाज से आरोपियों को कोर्ट के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हाजिर किए जाने की संभावना है.
जानिए क्या है ये पूरा मामला?
13 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई थी. जिसमें प्रभारी न्यायाधीश एंटी करप्शन कोर्ट प्रतिभा नारायण ने सभी आरोपियों की न्यायिक अभिरक्षा रिमांड को 27 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया था. विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट रजत वर्मा की अदालत में यह सुनवाई होगी. सभी आरोपियों की न्यायिक अभिरक्षा बढ़ाने के लिए विवेचक आशुतोष तिवारी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करेंगे.
आरोपी सुभाष के पेंशन खाता से जुड़े मामले पर भी सुनवाई
न्यायालय सुनवाई के बाद संतुष्ट होने पर ही न्यायिक अभिरक्षा रिमांड बढ़ाने का आदेश पारित कर सकता है. आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के पेंशन बैंक खाते में निकासी पर लगी रोक हटाने के मामले पर भी कोर्ट में आज सुनवाई हो सकती है. 23 जुलाई को सुनवाई के दौरान विवेचक आशुतोष तिवारी द्वारा प्रस्तुत आख्या पर न्यायाधीश ने असंतुष्टि जताई थी. इसके आधार पर फिर से आख्या तलब किए जाने का आदेश पारित किया था. नियत तिथि 27 जुलाई को तीन बिंदुओं पर आख्या स्पष्ट किए जाने के लिए सीओ आशुतोष तिवारी को अदालत द्वारा आदेशित किया गया गया था. इसमें पेंशन खाता किस प्रावधान के तहत फ्रीज किया गया, इसकी सूचना किस अदालत को दी गई और फ्रीज करने की अनुमति के आदेश की प्रति प्रस्तुत करना शामिल है.
आरोपी सुभाष श्रीवास्तव ने दी थी कोर्ट में अर्जी
दरअसल, 18 जुलाई को जेल में बंद आरोपी सुभाष श्रीवास्तव ने कोर्ट में अर्जी दी थी. जिसके जरिए पेंशन बैंक खाता को संचालित किए जाने का आदेश पारित किए जाने की मांग की गई थी. प्रार्थना पत्र में कहा गया था कि सेवानिवृत्त होने के बाद मिलने वाली पेंशन का बैंक खाता को पुलिस द्वारा फ्रीज कर दिए जाने से परिवार का जीवन यापन व मासिक किस्तें जमा हो पाना संभव नहीं हो पा रहा है.
ये भी पढ़ें: NEET छात्रा अंकिता सांगले ने की आत्महत्या, री-नीट में कम अंक आने के बाद उठाया खौफनाक कदम
