राजस्थान के अलवर जिले में पति-पत्नी की बिजली करंट लगने से मौत हो गई. महिला खेत में मोटर बंद करने गई थी इसी दौरान उसे करंट लग गया. जिसे बचाने के कारण पति भी करंट की चपेट में आ गया.

करंट लगने से दंपति की मौत
राजस्थान के अलवर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां शुक्रवार को पति-पत्नी की बिजली करंट लगने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि खेत पर काम करते समय यह हादसा हुआ. इस दौरान दोनों के छोटे बच्चे भी मौके पर मौजूद थे. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और गांव में मातम पसर गया है. दंपति की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.
शुक्रवार दोपहर में हुई घटना
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना बगड़ तिराया थाना क्षेत्र के बेरेबास गांव की है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि बेरेबास के रहने वाले महेन्द्र जाटव अपनी पत्नी रामेश्वरी और बच्चों के साथ खेती का काम करते थे. शुक्रवार को दोपहर लगभग 12 बजे रामेश्वरी खेत में लगी मोटर को बंद करने गई थी. इसी दौरान बारिश और खेत में नमी के कारण मोटर में करंट दौड़ गया.
पत्नी को बचाने में गई जान
बताया जा रहा है कि महिला करंट की चपेट में आ गई. जिसके बाद पति महेंद्र उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन व्यक्ति भी करंट की चपेट में आ गया. मां-बाप को करंट लगता देख मौके पर मौजूद छोटे बच्चों ने शोर मचाया. बच्चों की चीख सुनकर मौके पर गांव के लोग पहुंचे और बिजली की सप्लाई बंद कर दी. जिसके बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शवों को पेस्टमार्टम के लिए भेद दिया है. बताया जा रहा है कि दंपति मेहनत मजदूरी करके अपना परिवार पालते थे. दोनों की 3 बेटियां और एक बेटा है. दोनों की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी मातम पसर गया है और हर कोई इस हादसे के बाद गांव में दुखी हो गया है.
यह भी पढ़ें- TheTruth24 की खबर का असर! नोएडा प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ चला बुलडोजर
