Ambedkar Nagar accident: यूपी केअंबेडकरनगर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां सड़क किनारे घायल बाइक सवारों की मदद करना लोगों को भारी पड़ गया. तेज रफ्तार कार ने मदद के लिए जुटी भीड़ को रौंद दिया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर भुआ गांव के पास की है.
दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत, कई घायल
भीषण हादसे में कुल 8 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर भुआ के पास की घटना है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि को पहले दो बाइक की आपस में टक्कर हुई जिसमें दो लोग घायल हो गए थे. स्थानीय लोग उनकी मदद के लिए मौके पर पहुंचे ही थे कि अचानक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने मदद कर रहे लोगों को कुचल दिया.
इस भीषण हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 6 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं 2 अन्य गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई. इस तरह इस दर्दनाक हादसे में कुल 8 लोगों की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है. अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोषियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: अंबेडकर नगर में चार बच्चों और मां के हत्यारे आमिर को पुलिस ने मार गिराया, सिलबट्टे से की थी मासूमों की हत्या
