bahraich bjp protest blast: उत्तर प्रदेश के बहराइच में अखिलेश यादव का पुतला जलाते समय हुए विस्फोट में बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल गंभीर रूप से झुलस गईं. धमाके के कारण उनके चेहरे और बालों में आग लग गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

bahraich bjp protest blast: उत्तर प्रदेश के बहराइच में शनिवार को एक प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता महिला जनाक्रोश मार्च निकाल रहे थे. इस प्रदर्शन का नेतृत्व नगर विधायक और पूर्व मंत्री Anupama Jaiswal कर रही थीं. इसी दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष Akhilesh Yadav का पुतला जलाते समय अचानक विस्फोट हो गया. इस धमाके में विधायक का चेहरा झुलस गया. घटना के बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई.
यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजकर 20 मिनट पर डीएम आवास चौराहे के पास हुई. बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता वहां जमा थे. प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता Rahul Gandhi के खिलाफ नारे लगाए जा रहे थे. इसके बाद नेताओं का पुतला जलाने की तैयारी की गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही विधायक अनुपमा जायसवाल ने माचिस की तीली से पुतले को आग लगाई. उसी समय पुतले के अंदर तेज धमाका हो गया.
धमाका इतना तेज था कि आग का बड़ा गोला सीधे विधायक के चेहरे की तरफ आ गया. इससे उनके माथे और बालों में आग लग गई. मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत आग बुझाई. इसके बाद उन्हें पुलिस की गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया. भाजपा जिला उपाध्यक्ष राहुल राय का कहना है कि पुतले में पेट्रोल या स्प्रिट ज्यादा मात्रा में डाला गया होगा. इसी कारण अचानक विस्फोट जैसी स्थिति बन गई.
घटना के बाद विधायक को तुरंत महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. अस्पताल के डॉक्टर मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि विधायक के माथे पर लगभग 4.5 प्रतिशत जलने की चोट आई है. उनके सिर के कुछ बाल भी जल गए हैं. हालांकि डॉक्टरों के अनुसार राहत की बात यह है कि उनकी आंखों को कोई नुकसान नहीं हुआ है. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. इसके बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि आग लगाने वाले लोग सावधान रहें और घायल महिला के इलाज की ठीक व्यवस्था की जाए. घटना की सूचना मिलते ही बहराइच के कलेक्टर अक्षय त्रिपाठी और एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचे. प्रशासन अब जांच कर रहा है कि पुतले में ऐसा कौन सा पदार्थ था जिससे अचानक धमाका हो गया.
