बिहार के गया में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के व्यवहार और प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. मृतक की बहन ने बताया कि उसकी भाभी के गैर मर्दों के साथ में अवैध संबंध थी. जिसके चलते व्यक्ति परेशान था.
पत्नी से परेशान होकर व्यक्ति ने की आत्महत्या
बिहार के गया में एक पति ने आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक व्यक्ति ने पत्नी की बेवफाई और प्रताड़ना से परेशान होकर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर खुद की जान दे दी. यह पूरी घटना शेरघाटी थाना क्षेत्र के शास्त्री मोहल्ला शेखपुरा की है. यहां महाशिवरात्री के दिन एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के व्यवहार से तंग आकर आत्महत्या कर ली.
कई युवकों के साथ थे अवैध संबंध
आत्महत्या करने वाले मृतक की पहचान 30 साल के सतेंद्र कुमार महतो के रूप में की गई है. घटना के बाद में परिजनों ने बताया है कि सतेंद्र का उसकी पत्नी और सास से विवाद चल रहा था. मृतक की बहन जूली कुमारी ने यह आरोप भी लगाया है कि उसकी भाभी के कई युवकों के साथ में अवैध संबंध भी थे और वह घंटों तक फोन पर भी बातें करती थी. जूली ने बताया कि जब सतेंद्र इसका विरोध करता था, तभी दोनों के बीच में झगड़ा होता था.
पत्नी को पकड़ा था दूसरे मर्द के साथ
मृतक के परिजनों का दावा है कि उसकी पत्नी अवैध संबंधों को छिपाने के लिए सतेंद्र के ऊपर दबाव बनाती है. बताया जा रहा है कि पत्नी ने सतेंद्र से हैदराबाद में एक जमीन की खरीद कराई और नॉमिनी में अपनी मां का नाम लिखवा दिया. यह भी कहा जा रहा है कि सतेंद्र ने अपनी पत्नी को किसी दूसरे मर्द के साथ में रंगे हाथों पकड़ा भी था. जिसके बाद सुधार करने की जगह पर उसकी सास उसे धमकाने लगी.
झूठे केस में फंसाने की मिलती थी धमकी
मृतक के परिजनों ने जानकारी दी कि सतेंद्र की पत्नी और सास उसे दहेज और मारपीट के झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थीं. एक बार इसी के चलते सतेंद्र को पुलिस हिरासत में भी रहना पड़ा था. इन्हीं सब धमकियों और गैर मर्दों के साथ संबंधों के चलते व्यक्ति ने खुद के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली. जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों के बयान पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
