बिहार के कटिहार जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद उसकी अर्थी को कंधों पर रखकर लोगों ने नदी को पार किया. नदी के ऊपर पुल न होने के कारण लोगों को ऐसा करना पड़ा है.

बिहार में सरकार के फीके दावे
बिहार के कटिहार जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सरकार और प्रशासन के विकास वाले दावों के ऊपर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. कटिहार जिले के फलका प्रखंड के मोरसंडा गांव में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों और गांव के लोगों ने मिलकर उसके अंतिम संस्कार करने के लिए अर्थी को कंधों पर रखकर नदी को पार किया.
नदी पर नहीं बना है पुल
जानकारी के मुताबिक गांव वालों को पुल न होने के कारण नदी में पानी के बीच उतरकर नदी को पार करना पड़ा. अब इस मामले का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि मोरसंडा गांव के अरविंद मंडल की मौत हो गई थी और उनका अंतिम संस्कार करने के लिए उन्हें श्मशान घाट लो जाना था. गांव और श्मशान घाट के बीच में बहने वाली कमला नदी पर पुल नहीं होने के कारण लोगों को नदी में उतरना पड़ा.
कंधों पर रखी अर्थी
लोगों ने अर्थी को कंधों पर रखकर नदी को पार किया और दूसरे तरफ पहुंचे और शव का अंतिम संस्कार किया. इस घटना के बाद सरकार के विकास करने वाले दावों पर सीधा सवाल खड़ा होने लगा है. जहां सरकार एक तरफ राज्य में तेजी से विकास के दावे कर रही है, वहीं कटिहार जिले से शर्मनाक तस्वीर सामने आई है. लोगों के मुताबिक इलाके में बुनियादी सुविधाएं भी नहीं हैं और लोगों को नदी पर पुल न होने के कारण कई किलोमीटर का सफर ज्यादा तय करना पड़ता है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बुलडोजर कार्रवाई शुरू! शालीमार बाग में 150 अवैध मकानों पर कार्रवाई; इलाका बना छावनी
