झारखंड के बोकारो में एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां एक घर में घुसकर कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक परिवार पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की. इस घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई, वहीं उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है.
झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां गुरुवार देर शाम घर में घुसकर अज्ञात अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ गोलीबारी किए जाने की घटना हुई है. डीवीसी आवासीय कॉलोनी के पश्चिम पल्ली मोहल्ले में हुई इस वारदात में एक ही परिवार के 3 लोग गोली लगने से घायल हो गए. इनमें पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पति-पत्नी की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक घटना चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की डीवीसी कॉलोनी में हुई. अज्ञात हमलावर घर में घुसे और परिवार के लोगों पर गोलियां चला दीं.अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि गोलीबारी में 65 साल के नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की मौत हो गई. वहीं उनका बेटा रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हुआ है.
पुलिस ने तेज की जांच
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. जिसके बाद घायल रोहित सिन्हा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या और तीसरे सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. हालांकि अब तक गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
फोरेंसिक टीम मौके पर मौजूद
इस घटना की सूचना मिलने के बाद चंद्रपुरा थाना पुलिस के साथ बोकारो जिले के अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी. जानकारी के मुताबिक फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है. टीम द्वारा मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया जाएगा. पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है.
घटना की वजह नहीं आयी सामने
पुलिस की टीम घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. जांच का उद्देश्य हमलावरों की पहचान करना और साथ ही उनके आने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते का पता लगाना है. फिलहाल दोहरे हत्याकांड के पीछे की वजह सामने नहीं आई है. पुलिस परिवार के सदस्यों, स्थानीय लोगों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही गोलीबारी के कारण और हमलावरों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पायेगी.
