Ayodhya News: अयोध्या के दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक छात्र के पास से कथित रूप से बम बनाने की विधि और जानकारी से जुड़ी एक संदिग्ध पर्ची बरामद हुई थी. इस घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन से लेकर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. मामले की संवेदनशीलता और अयोध्या की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया है. संदिग्ध पर्ची के साथ पकड़े गए छात्र को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है.
दो बिंदुओं पर पड़ताल
पहला यह कि यह पर्ची छात्र के पास कहां से और किस माध्यम से पहुंची, और दूसरा यह कि इसके पीछे उसका उद्देश्य या कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी. पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी.
सरफराज गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में संदिग्ध हस्तलिखित नोट मिलने के मामले की जांच अब बलरामपुर तक पहुंच गई है. मामले में हिरासत में लिए गए पैरामेडिकल छात्र सरफराज के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित पुरैनिया तालाब मोहल्ले के घर पर अयोध्या पुलिस की टीम पहुंची और परिवार वालों से पूछताछ की. शनिवार को मकान पर ताला लटका मिला, जबकि मोहल्ले में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा.
शनिवार को घर में लटका मिला ताला
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार शाम पुलिस टीम ने घर पहुंचकर परिजनों से जरूरी जानकारी जुटाई. इसके बाद से परिवार का कोई सदस्य घर पर दिखाई नहीं दिया. शनिवार को मकान बंद मिला. हालांकि, पड़ोसी इस मामले पर खुलकर कुछ भी बोलने से बचते रहे.
पैरामेडिकल फर्स्ट ईयर का छात्र है सरफराज
बताया गया कि सरफराज मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे टेक्नीशियन (पैरामेडिकल) प्रथम वर्ष का छात्र है. स्थानीय लोगों के अनुसार उसके पिता मोहम्मद शफी सरकारी विद्यालय में शिक्षक थे और रिटायरमेंट के बाद उनका निधन हो गया. चार भाइयों में सबसे छोटे सरफराज के दो बड़े भाई निजी डेंटल के डॉक्टर हैं, जबकि एक भाई दुबई में रहते हैं. परिवार की दो बहनों का विवाह हो चुका है.
वहीं, नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि छात्र के बलरामपुर निवासी होने के कारण स्थानीय स्तर पर आवश्यक सूचनाएं जुटाई जा रही हैं. अयोध्या पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर जांच में सहयोग किया जा रहा है. वहीं, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है.
ये भी पढ़ें: राष्ट्रमंडल खेलों में यूपी के गुलवीर सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर रचा इतिहास! सीएम योगी ने दी बधाई
