Gulveer singh: कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG 2026) से भारत और उत्तर प्रदेश के लिए एक बेहद गर्व की खबर सामने आई है. प्रदेश के प्रतिभाशाली धावक और भारतीय सेना में नायब सूबेदार गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ स्पर्धा में कांस्य पदक (Bronze Medal) जीतकर इतिहास रच दिया है. राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में यह पहला मौका है जब भारत ने पुरुष 5000 मीटर दौड़ में कोई पदक हासिल किया है. गुलवीर सिंह ने हाल ही में हुई 10000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर दूसरा स्थान प्राप्त किया था. इस अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट शेयर कर गुलवीर सिंह को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
13 मिनट 24.95 सेकेंड में पूरी की रेस, शानदार प्रदर्शन
गुलवीर ने 5000 मीटर रेस को 13 मिनट 24.95 सेकेंड में पूरा किया तो वहीं इसी रेस में चौथे स्थान पर खत्म करने वाले केन्या के धावक कॉर्नेलियस केम्बोई सिर्फ 0.04 सेकेंड ही गुलवीर से पीछे रह गए. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एथलेटिक्स में भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें गुलवीर अब पहले ऐसे एथलीट बन गए हैं जो ट्रैक एंड फील्ड के दो अलग-अलग इवेंट में पदक जीतने में कामयाब हो सके हैं.
सीएम योगी ने जताया गर्व
लिखा-“#CWG2026 में पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अर्जित कर इतिहास रचने वाले उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली धावक नायब सूबेदार श्री गुलवीर सिंह को हार्दिक बधाई! राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष 5000 मीटर दौड़ स्पर्धा के इतिहास में भारत को पहला पदक दिलाने वाली यह उपलब्धि अत्यंत गौरवपूर्ण है।” सीएम योगी ने आगे कहा कि, “आप भारत के गौरव हैं। आपकी यह ऐतिहासिक सफलता देश के असंख्य युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। ऐतिहासिक उपलब्धियों की यह यात्रा अविराम जारी रहे, उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं!”
देश और प्रदेश का नाम किया रोशन
नायब सूबेदार गुलवीर सिंह की इस स्वर्णिम सफलता से न केवल भारतीय खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है, बल्कि यूपी का मान भी पूरे विश्व पटल पर बढ़ा है.उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर राज्य भर के खेल प्रेमियों और प्रशंसकों द्वारा लगातार बधाइयां दी जा रही हैं.
अलीगढ़ के हैं गुलवीर सिंह
नायब सूबेदार गुलवीर सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के अतरौली तहसील स्थित सिरसा गांव के रहने वाले एक प्रसिद्ध भारतीय लंबी दूरी के धावक हैं, जिन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक (सिल्वर मेडल) और 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है.
ये भी पढ़ें: UPSSSC PET-2026: यूपी में PET-2026 की तिथियां घोषित, 3 अगस्त से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन!
