Andhra Pradesh bus fire: आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास गुरुवार को गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है.मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं.
Bus Fire Accident:आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार को एक निजी ट्रैवल बस की ट्रक से टक्कर हो गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई. इस भीषण दुर्घटना में 14 लोगों की जलकर मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना के कारणों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
कहां हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना रायवरम के पास गुरुवार सुबह 6:30 बजे हुई, जब एक पत्थर की खदान के पास बस की टिपर ट्रक से टक्कर हो गई. इस टक्कर से वाहन में आग लग गई और दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि, बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही सेकंड में बस में आग लग गई. देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई.
बताया जा रहा है कि टक्कर के समय हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस में 35 यात्री सवार थे. 15 यात्री घायल हो गए, जिन्हें मार्कपुरम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मरने और घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. इस हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है
सीएम नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने अधिकारियों से बात की और घटनाक्रम की जानकारी ली. उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज देने और घटना की जांच के लिए निर्देश दिए.
