लखनऊ से CBI ने प्रवर्तन निदेशालय के लखनऊ ज़ोनल में तैनात एक अधिकारी और हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक हेड कांस्टेबल ने अधिकारी के नाम पर 5 लाख रूपये की रिश्वत ली.
उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. यहां केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के लखनऊ जोनल ऑफिस में तैनात एक अधिकारी और एक हेड-कांस्टेबल को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. CBI के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ED अधिकारी दीपक कुमार और हेड-कांस्टेबल मनोज द्विवेदी के रूप में की गई है. दोनों की पोस्टिंग ED के लखनऊ जोनल ऑफिस में थी.
शिकायतकर्ता ने CBI से की शिकायत
जानकारी के मुताबिक CBI को शिकायत मिली थी कि ED लखनऊ जोन ने एक व्यक्ति के पिता को अगस्त और सितंबर 2026 में ED केस में पूछताछ के लिए दो समन भेजे थे. इसके बाद ED के हेड-कांस्टेबल मनोज द्विवेदी ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया और केस में मदद करने और अनुकूल रवैया अपनाने के नाम पर रिश्वत की मांग की. बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत CBI से की। जिसके बाद 23 अक्टूबर को ही CBI ने हेड-कांस्टेबल मनोज द्विवेदी और ED अधिकारी दीपक कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया.
जाल बिछाकर किया गिरफ्तार
आपको बता दें कि इस पूरे मामले में सीबीआई ने शुक्रवार को एक जाल बिछाया. आरोप है कि मनोज द्विवेदी, ED अधिकारी दीपक कुमार की ओर से 5 लाख रुपये की रिश्वत ले रहा था. CBI की टीम ने उसे 5 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. दोनों व्यक्तियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया. फिलहाल CBI ने मामले में आगे उठाए जाने वाले कदमों के बारे में अभी तक कोई और जानकारी नहीं दी है. एजेंसी ने बताया कि मामले में अभी कार्रवाई की जाएगी. CBI ने बताया कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में सरकारी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.
शिकायतकर्ता दर्ज करवा सकते हैं शिकायत
आपको बता दें कि CBI ने आम जनता से यह अपील भी की है कि अगर कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत मांगता है या उन्हें कहीं भी भ्रष्टाचार देखने को मिलता है, तो वे इसकी सूचना तुरंत दें. शिकायतें दिल्ली में CBI की भ्रष्टाचार-रोधी शाखा के कार्यालय में दर्ज कराई जा सकती हैं. आपको बता दें कि यह कार्यालय नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित CGO कॉम्प्लेक्स की CBI बिल्डिंग की पहली मंजिल पर है.
