छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बीजेपी नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन को 30 बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया. इस हादसे में बीजेपी नेता की गंभीर रूप से झुलसने की वजह से मौत हो गई है. वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. इस मामले के बाद से राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो चुका है.
गाड़ी में मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, 30 बदमाशों ने पहले टिपर से फॉर्च्यूनर को टक्कर मारी. टक्कर लगने की वजह से कार के दरवाजे जाम हो गए, जिसकी वजह से बीजेपी नेता बाहर नहीं आ पाए. इसके बाद में बदमाशों ने उनकी गाड़ी में आग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में झुलसे तीन लोगों का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है. मामला 16 जून की रात 11 बजे का है.
आरोपियों ने जानबूझ कर वाहन को टक्कर मारी, जिससे की वह बाहर नहीं आ पाएं. अंदर मौजूद लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास भी किया, लेकिन बाहर मौजूद बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की. इसके बाद बदमाशों ने गाड़ी पर पेट्रोल छिड़कर उसमें आग लगा दी.
मामले की गंभीरता से जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी मौके पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले पर गंभीरता से जांच करने के लिए बोला है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लेने की डिमांड की है. फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंच सबूत जुटा रही है. वहीं, गंभीर रूप से झुलसे घायलों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल से अंबिकापुर में रेफर कर दिया गया है. छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस खबर के बाद भूचाल आ गया है. इस जघन्य हत्याकांड के आरोपियों को ढूंढा जा रहा है.
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने ठुकराई माता-पिता और शिक्षकों की मांग! CBSE के तीन भाषा नियम पर नहीं लगेगी रोक
