Codeine cough syrup case: कोड़िनयुक्त कफ सिरप बनाने वाली तीन कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए सुबूत जुटाए जा रहे हैं. कफ सिरप तस्करी मामले में एसआईटी ने 30 कारोबारियों के लिए लुक आउट नोटिस जारी किया है. कफ सिरप की तस्करी में एसआईटी ने उन कारोबारियों पर शिंकजा कसा है जिन्होंने एक लाख से ज्यादा सिरप की शीशियां बेची थीं. अब इन कारोबारियों के पासपोर्ट को जब्त करने की कवायद शुरू की गई है.
संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी शुरू
एसआईटी के निर्देश पर विवेचकों ने आरोपियों की संपत्तियों की पड़ताल का काम पूरा कर लिया है और उनको जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके तहत सोनभद्र पुलिस मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल की 30 करोड़ कीसंपत्ति जब्त करेगी. वाराणसी पुलिस भी शुभम जायसवाल की 70 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त करेगी. वहीं, लखनऊ में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह और जौनपुर में अमित सिंह टाटा की संपत्तियों को भी जल्द जब्त किया जाएगा.
जुटाए जा रहे सबूत
कफ सिरप बनाने वाली तीन कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए सुबूत जुटाए जा रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक कफ सिरप की तस्करी करने वाले सिंडिकेट की जांच के साथ उन कारोबारियों की भूमिका का पता भी लगाया गया था जिन्होंने एक लाख से अधिक सिरप की शीशियों का भंडारण किया था और बेचा था. जांच में ये भी सामने आया कि ये कारोबारी सिंडिकेट के इशारे पर फर्जी बिलिंग कर रहे थे. कोडीन युक्त कफ सिरप सिंडिकेट के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल और साथी आकाश पाठक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है.
कोडीन कफ-सिरप से हुई थी कई बच्चों की मौत
बता दें कि कोडीन कफ-सिरप से कई बच्चों की मौत हो गई थी. इस सिरप पर यूपी में रोक लगा दी गई थी. वहीं, मामले खुलासा होने के बाद आरोपी शुभम जायसवाल और आकाश पाठक के दुबई भागने की खबर है. काशी में दोनों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं. शुभम और आकाश के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी हो चुका है.
