कांग्रेस को दिल्ली में मौजूद राष्ट्रीय मुख्यालय को खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया है. कांग्रेस को 24 अकबर रोड और 5 रायसीना रोड पर मौजूद परिसरों को खाली करने का नोटिस मिला है.
कांग्रेस को नोटिस जारी
कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार को बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस में दिल्ली में मौजूद राष्ट्रीय मुख्यालय को खाली करने का बेदखली का नोटिस जारी किया गया है. कांग्रेस को 24 अकबर रोड और 5 रायसीना रोड पर मौजूद परिसरों को खाली करने का नोटिस दिया गया है. इस मामले में अब यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस अब कानूनी विकल्पों की तलाश कर रही है.
कानूनी विकल्प तलाश रही पार्टी
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस को ये नोटिस कुछ दिनों पहले दिए गए थे. एक कांग्रेस नेता के मुताबिक अब पार्टी कानूनी विकल्पों की तलाश कर रही है, लेकिन सरकार इस बार पिछली बार के मुकाबले काफी आक्रामक है. हालांकि कांग्रेस पार्टियों के इन दफ्तरों को खाली करने के लिए नोटिस के बाद सरकार से कुछ समय के लिए मोहलत भी मांग सकती है.
पुराने बंगले करने होते हैं खाली
आपको बता दें कि नियम है कि किसी भी राजनीतिक दल को अपना नया मुख्यालय बनाने के लिए जमीन के मिलने के बाद पुराने सरकारी बंगले खाली करने जरूरी होते हैं. जानकारी के मुताबिक कांग्रेस को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर उसका नया मुख्यालय बनाने के लिए जमीन दी गई थी. जिसके चलते काफी समय पहले ही कांग्रेस को संपदा निदेशालय ने 24 अकबर रोड और 5 रायसीना रोड के परिसरों को खाली कराने के लिए उनका आवंटन रद्द कर दिया था.
28 तारीख तक करना होगा खाली
कांग्रेस को अब इन परिसरों को खाली करने का नोटिस मिला है. कांग्रेस को दिए गए नोटिस में परिसरों को खाली करने के लिए 28 मार्च तक की छूट दी गई है. अब ऐसे में अगर इस तारीख तक कांग्रेस को कोर्ट से स्टे नहीं मिलता है, तो कांग्रेस को अपने दशकों पुराने और ऐतिहासिक दफ्तरों को खाली करना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें- परमाणु दरवाजे तक पहुंचा युद्ध? बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट पर मिसाइल अटैक; विशेषज्ञों की बढ़ी चिंता
