Congress Protest: यूपी में आज बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है. विधानसभा को घेरने की तैयारी है, सत्र चल रहा है इस लिहाज से पुलिस ने कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किया है. किसी भी तरह के प्रदर्शन की अनुमति नहीं है.
UP Congress: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मंगलवार को विधानसभा का घेराव करेगी. इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है. हालांकि, पुलिस प्रशासन अलग-अलग जिलों में कांग्रेस नेताओं को रोकने की कोशिश में है. विधानसभा सत्र चल रहा है और इसके चलते कई नेताओं को हाउस अरेस्ट भी किया गया है. कई जिलाध्यक्ष हिरासत में लिए गए हैं. पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश बताया है. प्रदर्शन में नेता विधानमंडल कांग्रेस आराधना मिश्रा मोना, विधायक वीरेंद्र चौधरी, सहित सांसद व पूर्व विधायक सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश भर के कार्यकर्ता शामिल रहेंगे.
प्रदर्शन से पहले कई नेता हाउस अरेस्ट
पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया गया है. बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया, तौहीद खान सहित कई पदाधिकारियों को उनके आवास पर ही नजरबंद किया गया. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रशासनिक दबाव बना रही है.
प्रदेश मुख्यालय पर जुटेंगे नेता और कार्यकर्ता
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस नेता प्रदेश मुख्यालय पर जुटेंगे. वहां से जुलूस के रूप में विधानसभा कूच करेंगे. पुलिस और प्रशासन की तरफ से किसी भी तरह के मार्च की अनुमति नहीं है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि पार्टी की ओर से मनरेगा बचाओ संग्राम शुरू किया गया है. पुलिस ने विभिन्न जिलों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया है. उन्हें लखनऊ आने से रोका जा रहा है. अजय राय ने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन है. अजय राय ने कहा कि हजारों की संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे हैं.
कानून-व्यवस्था और सामाजिक मुद्दों पर घेराव
बीजेपी कुशासन के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन आज लखनऊ में है. कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी सरकार में अपराध बढ़ता जा रहा है. योगी आदित्यनाथ सरकार जाति और धर्म देखकर दलितों, अल्पसंख्यकों को और गरीबों को निशाना बना रही है. इसके अलावा अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप है.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पहली बार 18 दिसंबर 2024 को विधानसभा घेराव हुआ था. इस घेराव में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी थी. प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित तमाम लोगों को हिरासत में ले लिया गया था. अब मंगलवार को एक बार फिर ताकत दिखाने की तैयारी है.
यह भी पढ़ें- बैंक में नौकरी की इच्छा रखने वालों के लिए बड़ा अवसर…. PNB में 5138 पदों पर भर्ती, इस तरह करें अप्लाई
