दिल्ली के बवाना इलाके में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यहां 3 हमलावरों ने एक दुकान के अंदर घुसकर अंधाधुंध गोली चलाई. हमले में व्यक्ति की मौत के अलावा 3 लोग घायल हुए हैं.
बवाना इलाके में हत्याकांड
राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके बवाना से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां गुरुवार को शाम 3 हमलावरों ने एक दुकान के अंदर अंधाधुंध गोली चलाई. इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं 30 साल के व्यक्ति की मौत के अलावा उसके पिता और एक बच्चे के साथ 3 लोग घायल हुए हैं. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.
पीसीआर कॉल से मिली पुलिस को सूचना
पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी के मुताबिक यह पूरी घटना हरवेली गांव में घटी हुई है. इस घटना की सूचना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी. जानकारी के मुताबिक 3 हमलावार मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और के परिवार सदस्य रवि भारद्वाज को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की. इस घटना में रवि नाम का व्यक्ति घायल हो गया. जिसके बाद उसे तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया.
मृतक के अलावा 3 लोग घायल
बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. इस हादसे में रवि के अलावा उसके पिता अनिल भारद्वाज और पड़ोसी राज कुमार के साथ एक 8 साल का बच्चा घायल हुआ है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल से पुलिस को कारतूस भी मिले हैं. इस मामले में पुलिस ने बवाना थाने में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है.
पुलिस की टीम गठित
जानकारी के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के लिए और आरोपियों को पता लगाने के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है. बताया जा रहा है कि हमलावर ग्राहक बनकर आए और अचानक से 15 से 20 राउंड फायरिंग की. मृतक के रिश्तेदार के मुताबिक जब व्यक्ति को गोली मारी गई, तब वह काउंटर पर बैठा हुआ था. जानकारी के मुताबिक सभी आरोपी 18 से 20 साल की उम्र तक के है.
यह भी पढ़ें- कौन हैं मंत्री पद की शपथ लेने वाले खजान दास, पढ़िए विधायक से कैबिनेट मिनिस्टर बनने तक का सफर
