उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में फायरिंग की घटना हुई जिसमें एक 35 साल के व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान मोहम्मद उमर दीन के रूप में की गई है. पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है.
फायरिंग में व्यक्ति की मौत
राजधानी दिल्ली में फायरिंग की एक घटना सामने आई है. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में एक फायरिंग की घटना में 35 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई. इस पूरी घटना के बाद में इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतक की पहचान मोहम्मद उमर दीन के रूप में की गई है. पुलिस ने जानकारी मिलने के बाद में मामले को दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.
डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
एक रिपोर्ट के मुताबिक 17 फरवरी को नंद नगरी थाने में पुलिस को फायरिंग की घटना की सूचना मिली. जिसके बाद पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंच गई. घटनास्थल पर पहुंचने के बाद में पुलिस को बता लगा कि घायल व्यक्ति के परिजन उसे पहले से ही अस्पताल में पहुंचा चुके हैं. बताया जा रहा है कि परिजनों ने घायल को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने दर्ज की FIR
डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही मोहम्मद उमर दीन की मौत हो चुकी थी. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत ही कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए फॉरेंसिक टीम को भेजा गया है और मौके से सबूतों को इकट्ठा किया गया है.
छापेमारी कर रही पुलिस
पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है और आसपास इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए लगातार कोशिश कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस मामले में स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें- युवक के दोस्तों ने ही रच दी हत्या की साजिश, 2 करोड़ की बीमा पॉलिसी हड़पने का था इरादा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
