दिल्ली पुलिस लगातार अपराधियों के ऊपर लगाम लगाने के लिए अभियान चला रही है. अब दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 शूटर्स को गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस ने इन बदमाशों को एनकाउंटर के बाद में पकड़ा है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर्स का एनकाउंटर
बुधवार को देर रात दिल्ली पुलिस और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर्स के बीच मुठभेड़ हुई है. बताया जा रहा है कि इन दोनों बदमाशों के साथ पुलिस की गोलीबारी हुई है और इस मुठभेड़ में दोनों बदमाश घायल हुए हैं. इन शूटर्स में से एक के पैर में गोली लगी है. यह मुठभेड़ नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट एंटी नारकोटिक्स टीम और बदमाशों के बीच हुई है. जिसके बाद पुलिस ने इन दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस कांस्टेबल को भी लगी गोली
गिरफ्तार किए गए शूटर्स में से एक शूटर नाबालिग बताया जा रहा है. आरोप है कि ये दोनों शूटर्स दिल्ली में पश्चिम विहार और विनोद नगर इलाके में हुई फायरिंग में शामिल थे. बदमाशों के साथ हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगने के साथ में एक पुलिस कांस्टेबल को भी गोली लगी है. हालांकि कांस्टेबल बुलेटप्रूफ जैकेट पहना हुआ था, जिसके चलते पुलिसकर्मी की जान बच गई.
दिल्ली में हुई फायरिंग में शामिल होने का आरोप
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों शूटर्स पश्चिम विहार में मौजूद R.K फिटनेस जिम और विनोद नगर में बिजनेसमैन के घर होने वाली फायरिंग और रंगदारी मांगने के मामले में शामिल थे. दिल्ली के इन दोनों इलाकों में हुई फायरिंग की की घटना के बाद में ही पुलिस की कई टीमें बदमाशों की गिरफ्तारी में जुटी हुई थीं. पुलिस ने इस कार्रवाई को गुप्त सूचना मिलने के बाद में किया है.
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट एंटी नारकोटिक्स टीम को किसी सूत्र से गुप्त सूचना मिली कि ये दोनों बदमाश हिरणकी मोड़ पर आएंगे, जिसके बाद पुलिस ने इस इलाके में जाल बिछाया और जैसे ही ये दोनों बदमाश वहां से गुजरे, तो पुलिस की टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. पुलिस के रोकने पर दोनों बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसी के जवाब में पुलिस ने भी बदमाशों के ऊपर फायरिंग की और दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए बदमाशों के पास के 2 पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ में वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद हुई है.
