राजधानी दिल्ली के 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद में सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस ईमेल में काफी भड़काऊ बातें लिखी गई हैं.
दिल्ली के 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
राजधानी दिल्ली में कई इलाकों के स्कूलों को बम से उड़ाने वाली कॉल मिली है. इसके बाद सोमवार को सुबह के समय पर इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यह धमकी सुबह करीब 8.30 से 9 बजे के बीच में 9 स्कूलों को मिली है. जिसके बाद में स्कूलों के प्रशासन में इस मामले की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी. दिल्ली पुलिस को जैसे ही मामले की जानकारी मिली, तो पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए.
मौके पर पहुंची सुरक्षा एजेंसियां
टीमों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच को शुरू कर दिया है. सुरक्षा को देखते हुए स्कूल के बच्चों और स्टाफ को बाहर निकालकर स्कूलों की तलाशी की गई. जानकारी के मुताबिक इन सभी स्कूलों को एक ही समय पर धमकी मिली है. इस धमकी में दिल्ली के लगभग 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. जिसके बाद टीमें तुरंत ही एक्शन में आ गई हैं.
इन स्कूलों को उड़ाने की मिली धमकी
दिल्ली के जिन 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, उनमें श्रीनिवासपुरी का केम्ब्रिज स्कूल, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी का केम्ब्रिज स्कूल, रोहिणी का वेंकटेश्वर स्कूल, दिल्ली कैंट का लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, सादिक नगर का इंडियन स्कूल, रोहिणी का CM श्री स्कूल, रोहिणी का बाल भारती स्कूल, आईएनए का DTA स्कूल और न्यू राजेंद्र नगर का वनस्थली स्कूल शामिल हैं.
धमकी भरे ईमेल में भड़काऊ बातें

धमकी मिलने के बाद में सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है. धमकी वाले ईमेल में काफी भड़काऊ बात लिखी गई है. इस ईमेल में ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’ और ‘अफजल गुरु की याद में’ जैसे शब्दों को लिखा गया है. धमकी भरे मेल में लिखा है कि 13 फरवरी को दोपहर के 1:11 बजे स्कूल में बम का धमाका होगा. इस मेल को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जोड़ा गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश पुलिस का बड़ा एक्शन! हनीट्रैप और ब्लैकमेल रैकैट का किया पर्दाफाश, 3 महिलाओं समेत 5 गिरफ्तार
