मध्य प्रदेश पुलिस ने खरगोन जिले में एक हनीट्रैप और ब्लैकमेल रैकैट का भंडाफोड़ करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 3 महिलाएं भी शामिल है.
हनीट्रैप और ब्लैकमेल रैकैट का पर्दाफाश
मध्य प्रदेश पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेल रैकैट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रविवार को रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक ये सभी आरोपी पिछले एक साल में लगभग 40 लोगों से लाखों रुपए की रकम बटोर चुके हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने इस आरोप में जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें से 3 महिलाएं हैं.
व्यक्ति ने की थी मामले की शिकायत
इस पूरे मामले को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग को लेकर एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. इस शिकायत में व्यक्ति ने बताया था कि आरोपियों ने उसके पास से लगभग 2.5 लाख रुपए की ठगी की है. जिसके बाद पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत सुनकर मामले में तुरंत ही एक्शन लिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
महिलाएं करती थीं लोगों से बातचीत
इस मामले में शिकायत मिलने के बाद में थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने मामले की जांच शुरू की और 5 लोगों को मामले में रंगे हाथों गिरफ्तार किया. इस गैंग की स्ट्रैटजी का खुलासा सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी अर्चना रावत ने किया. गैंग की स्ट्रैटजी का खुलासा करते हुए उन्होंने बताया कि गिरोह में शामिल महिलाएं पहले लोगों को फंसाने के लिए उनसे बातचीत करती थीं और उन्हें फुसलाती थीं.
गैंग के दूसरे सदस्य बनाते थे वीडियो
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिलाएं लोगों को फुसला कर उन्हें मिलने के लिए बुलाती थी. जब लोग महिलाओं से मिलने आते थे, उसी समय गैंग के दूसरे लोग इस मुलाकात की चोरी-छुपे आपत्तिजनक वीडियो को बना लेते थे. जिसके बाद गैंग के सदस्य इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देते थे. गिरोह के लोग पीड़ितों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी देते थे. जिसके बाद लोग इन लोगों से डरकर लाखों रुपए दे देते थे. इस मामले में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
