दिल्ली पुलिस लगातार आपराधिक गतिविधियों और गैंग नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान चला रही है. दिल्ली पुलिस ने हाल ही में ऑपरेशन गैंग बस्ट चलाया था. इस ऑपरेशन में पुलिस ने कई गैंग से जुड़े हुए 800 से ज्यादा बदमाशों को गिरफ्तार किया था, लेकिन बदमाश पुलिस से हार मानने को तैयार नहीं हैं. अब गैंगस्टरों ने बदमाशों को फिर एक बार धमकी दे डाली है.
दिल्ली पुलिस को चुनौती दे रहे गैंगस्टर
दिल्ली पुलिस को अपराधी खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने अपराधियों को गिरफ्तार करने और गैंग के नेटवर्क को तोड़ने के लिए ऑपरेशन चलाया, लेकिन ऑपरेशन के दौरान ही दिल्ली में फायरिंग की घटना सामने आई है. जिसके बाद यह साफ हो गया है कि गैंगस्टर पुलिस की कार्रवाई से पूरी तरह बेखौफ हैं. दिल्ली में फायरिंग की यह वारदात पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती मानी जा रही है.
बिजनेसमैन के घर के बाहर हुई फायरिंग
पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर इलाके से ताजा मामला सामने आया है. विनोद नगर में रात करीब 12:30 के आसपास एक बड़े बिजनेसमैन के घर के बाहर कुछ अज्ञात बदमाशों ने हवाई फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है. अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. जब बदमाशों ने फायरिंग की, तो आवाज सुनते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए हैं.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया सामने
इस पूरी घटना की जानकारी तुरंत ही पुलिस को दी गई. कुछ सूत्रों की मानें तो इस वारदात को लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आ रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक गैंग ने व्यापारी से करोड़ों रुपयों की फिरौती मांगी थी. जिसके बाद जब बिजनेसमैन ने पैसे देने से मना कर दिया, तो उसे डराने के लिए फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
बिजनेसमैन की बढ़ाई गई सुरक्षा
इस पूरी घटना के बाद में पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के द्वारा बिजनेसमैन की सुरक्षा बढ़ाई गई है और उसके घर के बाहर 2 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जो AK-47 से लैस हैं. पुलिस इस पूरे मामले में लगातार जांच कर रही है. इलाके में पुलिस के द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे आगे किसी भी तरह की ऐसी घटना न हो पाए. पुलिस के मुताबिक गोलीबारी सिर्फ बिजनेसमैन और उसके परिवार के अंदर दहशत फैलाने के मकसद से की गई थी.
ये भी पढ़ें: UP: गोरखपुर महोत्सव में हड़कंप, पवन सिंह के केक काटते ही भीड़ बेकाबू, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
