देहरादून/हरिद्वार: हरिद्वार की झबरेड़ा विधानसभा सीट से पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की एक विशेष टीम ने सुरेश राठौर को हरिद्वार के बुग्गावाला इलाके से हिरासत में लिया और तुरंत देहरादून के लिए रवाना हो गई. पूर्व विधायक की यह हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित तौर पर बड़े नेताओं और वीआईपी के नाम लेने से जुड़े एक विवादित मामले में हुई है. सत्तारूढ़ दल से जुड़े रहे पूर्व विधायक की इस तरह अचानक हुई गिरफ्तारी के बाद से उत्तराखंड के राजनीतिक दलों में भारी खलबली मच गई है.
अंकिता भंडारी केस से जुड़ा मामला
सूत्रों के मुताबिक, अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद से ही उस कथित ‘वीआईपी’ के नाम को लेकर लगातार कयास और विवाद चल रहे हैं, जिसके रिसॉर्ट आने की बात सामने आई थी. इस संवेदनशील प्रकरण में पूर्व विधायक सुरेश राठौर द्वारा कुछ नेताओं के नाम सामने आए, जिसे पुलिस जांच और कानून-व्यवस्था के लिहाज से भ्रामक, तथ्यहीन या दुर्भावनापूर्ण माना गया. इन मुकदमों की तफ्तीश कर रही देहरादून पुलिस ने साक्ष्यों और कोर्ट के निर्देशों के आधार पर आज सुबह ही बुग्गावाला में जाल बिछाकर उन्हें दबोच लिया.
कई थानों में मुकदमे दर्ज
जानकारी के अनुसार, अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर दिए गए बयानों, सोशल मीडिया पोस्ट या कथित साक्ष्यों के जरिए राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े रसूखदार नेताओं के नाम उछालने और सनसनी फैलाने के आरोप में सुरेश राठौर के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा गया है. पूर्व विधायक के खिलाफ राज्य के कई थानों में गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. देहरादून पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को देहरादून लाकर मेडिकल कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी. पुलिस इस मामले में यह भी खंगाल रही है कि इन नामों को उगलने के पीछे क्या कोई बड़ी राजनीतिक साजिश या ब्लैकमेलिंग का एंगल तो शामिल नहीं था.
ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस का बड़ा फैसला, हर शनिवार थानों में होगी जनसुनवाई, शुरू किया ‘थाना दिवस’!
